रायपुर

शिक्षा मंत्री के बंगले पहुंचे सैकड़ों डीएड अभ्यर्थी और परिजन
05-Nov-2026 9:14 PM
 शिक्षा मंत्री के बंगले पहुंचे सैकड़ों डीएड अभ्यर्थी और परिजन

2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 नवंबर। पिछले 321 दिनों से जारी आंदोलन के तहत आज  422 डीएड अभ्यर्थी अपने  पति पत्नी बच्चों माता-पिता के साथ शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के नवा रायपुर स्थित बंगले में  जा घुसे। वे  छत्तीसगढ़ के डीएड अभ्यर्थियों का 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित करने की मांग कर रहे थे। अभ्यर्थियों का स्पष्ट कहना था कि जब तक तारीख घोषित नहीं होती, तब तक वे बंगले से नहीं उठेंगे। लेकिन अभ्यर्थियों के अनुसार, मौके पर पहुंचे लगभग 500 पुलिस जवानों ने अभ्यर्थियों और उनके परिवारजनों के साथ बलपूर्वक कार्रवाई की। आरोप है कि महिला अभ्यर्थियों एवं उनके वृद्ध परिजनों, बच्चों को घसीटकर बसों में बैठाया गया तथा महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इसके बाद उन्हें तूता धरना स्थल छोड़ दिया गया।

अभ्यर्थियों का सवाल है कि दीपावली जैसे पर्व पर भी अपने परिवार से दूर धरने पर बैठी छत्तीसगढ़ की बेटियों की पीड़ा आखिर सरकार कब समझेगी?क्या प्रदेश की बेरोजगार बेटियों को न्याय मांगने के बदले जेल जाना पड़ेगा?

डीएड अभ्यर्थियों का कहना है कि उनकी मांग कोई नई भर्ती या अतिरिक्त पदों की मांग नहीं है, बल्कि 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति और न्याय की मांग है। उनका आरोप है कि हाईकोर्ट एवं सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की भावना के अनुरूप नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं की जा रही है और पिछले 321 दिनों से उन्हें केवल आश्वासन मिल रहा है।

शिक्षा मंत्री के बंगले पर पहुंचे डीएड अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी कैबिनेट बैठक में सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे इससे भी अधिक संख्या में अपने परिवारजनों के साथ रायपुर पहुंचकर बड़ा आंदोलन करेंगे।उन्होंने इस गंभीर स्थिति के लिए  मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय एवं वित्त मंत्री  ओपी चौधरी से तत्काल हस्तक्षेप कर समाधान निकालने की मांग की है।

 डीएड अभ्यर्थियों की सरकार से अपील है कि उनकी पीड़ा और चेतावनी को गंभीरता से लिया जाए। किसी भी अभ्यर्थी को आत्मघाती कदम उठाने की नौबत न आए, इसके लिए सरकार तत्काल संवाद स्थापित कर नियुक्ति का समाधान निकाले।


अन्य पोस्ट