रायपुर
दुकानदारों को आग बुझाने का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 नवंबर। दीपावली पर्व के मद्देनजर आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की अग्नि दुर्घटना की आशंका को रोकने के उद्देश्य से हिंद स्पोर्टिंग ग्राउंड, लाखे नगर स्थित पटाखा दुकानों का पुलिस, अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग एवं नगर निगम की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पटाखा दुकानों में अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा, पटाखों के सुरक्षित भंडारण, क्रय-विक्रय तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। संयुक्त टीम द्वारा सभी दुकानदारों को प्रशासन, नगर निगम एवं पुलिस विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख रूप से निम्नलिखित निर्देश दिए गए—
अग्नि सुरक्षा का प्रशिक्षण- अग्निशमन विभाग द्वारा पटाखा दुकानदारों को फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशमन यंत्र) के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया तथा आग लगने की स्थिति में तत्काल एवं सुरक्षित तरीके से आग बुझाने की प्रक्रिया समझाई गई।
विद्युत सुरक्षा- विद्युत विभाग द्वारा दुकानदारों को विद्युत संबंधी सुरक्षा उपायों की जानकारी देते हुए विद्युत उपकरणों एवं वायरिंग में आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए।
पटाखों का सुरक्षित भंडारण एवं विक्रय- पटाखों के क्रय-विक्रय, रखरखाव एवं भंडारण के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी गई।
सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता-दुकानों में अग्निशमन यंत्र सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
आपातकालीन स्थिति में त्वरित सूचना- किसी भी प्रकार की आग लगने, विद्युत संबंधी समस्या अथवा अन्य दुर्घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस, अग्निशमन विभाग एवं संबंधित विभाग को सूचित करने के निर्देश दिए गए।