रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 नवंबर। महंगाई भत्ते के एरियर्स में लगातार कटौती से नाराज छत्तीसगढ़ के करीब डेढ़ लाख पेंशनर अब अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू करने जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ पेंशनर फोरम के बैनर तले दीपावली के बाद लगातार तीन सप्ताह तक प्रदेशव्यापी अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत पेंशनर छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रभारी स्मृति ईरानी से न्याय की गुहार लगाएंगे। पेंशनरों की मांगों को दिल्ली और मुंबई तक पहुंचाने के लिए उनके निवास पर ज्ञापन भेजने के साथ ई-मेल और व्हाट्सऐप के माध्यम से भी अपनी आवाज पहुंचाई जाएगी। पेंशनर फोरम ने सरकार के सामने चार प्रमुख आर्थिक मांगें रखी हैं। इनमें जनवरी 2026 से महंगाई भत्ते का लाभ, पेंशनरों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा, 96 माह के लंबित महंगाई भत्ता एरियर्स का तत्काल भुगतान तथा पेंशनरों के आर्थिक हितों की रक्षा प्रमुख हैं। फोरम का कहना है कि पेंशनरों ने अपने सेवाकाल में प्रदेश और सरकार के लिए लंबे समय तक सेवाएं दी हैं। ऐसे में सेवानिवृत्ति के बाद उनके आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी अधिकारों की अनदेखी उचित नहीं है। तीन सप्ताह के अभियान को सफल बनाने के पेंशनर संघों के प्रांताध्यक्ष ए के बाजपेई, जे महापात्र ,सुभाष मिश्रा , पी आर यादव, कौशलेंद्र पाण्डेय ,विरेन्द्र नामदेव, बी पी शर्मा, सरित मिश्रा, विजय झा, महेंद्र जैन, शशिकांत गौतम, राजेश कुमार चटर्जी, ओंकार सिंह ठाकुर, सुधीर गौतम पाण्डेय , शिवकुमार पांडेय, गजानंद मिश्रा, श्री महापात्रा, अश्वनी वर्मा, कमलेश सिंह राजपूत, जी आर चंद्रा, विश्राम निर्मलकर, विन्देश्वर राम रौतिया पूर्व प्रांताध्यक्ष लघु वेतन कर्मचारी संघ, भूपेन्द्र शर्मा, अरुण तिवारी से सहयोग एवं मार्गदर्शन लिया जाएगा।