रायपुर

जायसवाल निको में श्रमिक की मौत, ग्रामीण धरने पर
03-Nov-2026 6:11 PM
जायसवाल निको में श्रमिक की मौत, ग्रामीण धरने पर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 नवंबर। सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र के जायसवाल निको स्टील प्लांट में सोमवार को एक श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत  के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों  फैक्ट्री के गेट के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। उन्होंने सुरक्षा उपकरणों में अनदेखी का आरोप लगाते हुए न्याय और उचित मुआवजा की मांग की है।

मृतक की पहचान संतोष वर्मा निवासी मोहदा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार संतोष लंबे समय से प्लांट में श्रमिक के रूप में कार्यरत था। सोमवार दोपहर ड्यूटी के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश हो गया। प्रबंधन द्वारा उसे आनन-फानन में रायपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस घटना ने एक बार फिर सिलतरा-सांकरा औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों की पोल खोल दी है।

सुरक्षा उपकरणों की अनदेखी का आरोप

धरने पर बैठे ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र की अधिकांश फैक्ट्रियों में भारी प्रदूषण, खतरनाक गैसों का अवैध भंडारण और सुरक्षा उपकरणों के बिना मजदूरों से काम कराया जाता है। आये दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रबंधन कोई सबक नहीं लेता।

स्थानीय ग्रामीण लोकेश कश्यप (मोहदा) ने कहा कि यहां श्रमिकों की जान की कोई कीमत नहीं। बिना सुरक्षा के काम कराया जाता है। हम मृतक के परिवार को न्याय और उचित मुआवजा चाहते हैं।


अन्य पोस्ट