रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 नवंबर। श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर, मालवीय रोड में मुनि श्री आगम सागर, पुनीत सागर, एलक श्री धैर्य सागर एवं स्वागत सागर के सान्निध्य में आज मूलनायक भगवान के समक्ष श्रीजी को पांडुकशिला में विराजमान कर अभिषेक, शांतिधारा एवं आचार्यश्री पूजन किया गया।
वर्षायोग समिति के कार्यकारी अध्यक्ष संजय जैन एवं सचिव श्री राजेश जैन ने बताया कि मुनिश्री पुनीत सागर महाराज ने अपनी तत्त्वार्थ सूत्र की धार्मिक कक्षा में श्रावकों को संबोधित करते हुए बताया कि संसार में तीन चीजें निर्दोष और हितकारी हैं, जिन पर अटूट विश्वास किया जाता है—देव, शास्त्र और गुरु। ये हमेशा बने रहते हैं और यही सम्यक दर्शन कहलाता है। मुनि श्री ने दृष्टांत देते हुए समझाया कि घर का नवजात बच्चा एक वर्ष की आयु तक किसी की भी गोद में चला जाता है, किंतु एक वर्ष का होने पर वह अपरिचितों को देखकर रोने लगता है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि एक वर्ष के बालक में भी ज्ञान और पहचान की क्षमता विकसित हो जाती है। इसके पश्चात, मुनि श्री आगम सागर ने छह ढाला की छठी ढाल पर गहन अध्ययन करवाते हुए अपनी मंगल देशना प्रदान की। मुनि श्री ने संसार भावना का उल्लेख करते हुए बताया कि संसार की रीति ही ऐसी है जहाँ तन दुखी, मन दुखी और जीवन दुखी रहता है। जो व्यक्ति संसार से डरता है, वही इससे पार पाने का प्रयास करता है। चारों गतियों में कोई भी जीव वास्तव में सुखी नहीं है। स्वर्ग में यद्यपि भौतिक सुख कुछ होता है, किंतु वहाँ मानसिक दुख अधिक रहता है।