रायपुर

मकान बेचने का सौदा कर 3.98 लाख की धोखाधड़ी, 6 पर आरोप
02-Nov-2026 7:24 PM
मकान बेचने का सौदा कर 3.98 लाख की धोखाधड़ी, 6 पर आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 2 नवंबर। मकान दिलाने के नाम पर 3.98 लाख की ठगी के मामले में 6 लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप लगा है। पीडि़त ईदगाहभाठा निवासी रहमुद्दीन कुरैशी के मुताबिक मकान बिक्री का  सौदा कर बैंक लोन की जानकारी छिपाकर गुलजार सिंह ठाकुर, संजय सिंह ठाकुर, अशोक सिंह ठाकुर, पंकज सिंह ठाकुर, अमित सिंह ठाकुर और श्रीमती करुणा ठाकुर ने उसके साथ धोखाधड़ी कर दी।

रहमुद्दीन ने बताया कि आरोपियों ने स्वामित्व एवं अधिपत्य वाली अश्वनी नगर स्थित एक पक्के मकान को 32 लाख रुपये में बेचने का सौदा किया था। यह मकान मस्जिद के पीछे स्थित बताया गया है। इसके लिए 5 नवंबर 2019 को रहमुद्दीन और उनके भाई मोहम्मद जमरूद्दीन कुरैशी के साथ लिखित विक्रय इकरारनामा तैयार किया गया था। सौदे के तहत 2 लाख 50 हजार रुपये का चेक, एक लाख रुपये नकद और बाद में 25 हजार रुपये नकद दिए गए। इसके अलावा 23 जून 2020 को मकान की ईएमआई 23 हजार रुपये जमा किए गए। इस प्रकार आरोपियों ने 3 लाख 98 हजार रुपये लिए।

मकान खरीदने के लिए आधार फाइनेंस से 23 लाख 63 हजार 368 रुपये का हाउसिंग लोन स्वीकृत कराया गया था। इसी दौरान जून 2020 में पता चला कि संबंधित मकान पहले से आईडीएफसी फर्स्ट लोन फाइनेंस कंपनी के पास लोन पर है और मकान की कुर्की का आदेश भी जारी हुआ था। आरोप है कि विक्रय इकरारनामा करते समय संपत्ति को विवादमुक्त बताया गया था, जबकि उस पर पहले से ही लोन चल रहा था। जिसकी जानकारी छिपाई गई।

समय बीत जाने के बाद आरोपियों ने विक्रयनामा करने से इनकार कर दिया। और बयाना राशि वापस करने से भी मना कर दिया। अदालत ने 24 सितंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया। इसके बाद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई करने के लिए थाना प्रभारी, पुरानी बस्ती, रायपुर को आवेदन प्रस्तुत किया गया है।


अन्य पोस्ट