रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 नवंबर। राज्योत्सव में जनसम्पर्क विभाग द्वारा राज्योत्सव मैदान, नवा रायपुर अटल नगर में शासकीय योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित फोटो प्रदर्शनी जनसामान्य के लिए आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है। नव निर्माण के 26 वर्ष एवं विकास पथ पर अग्रसर छत्तीसगढ़ की थीम पर आधारित मोहक फोटो प्रदर्शनी में सुशासन से समृद्धि, निवेश से औद्योगिक प्रगति, समृद्ध संस्कृति और परिवर्तन का गढ़ अंतर्गत विविध जानकारी झांकी के रूप में प्रस्तुत की गई हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्र बस्तर में बंदूक की गूंज और बारूद के धमाके दशकों तक रही लेकिन आज सुशासन में तस्वीर बदली है। उदास चेहरों पर खुशियां लौटी हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विजन, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह की रणनीति एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व से नक्सल मुक्त हुई बस्तर की धरा। विकास की इन्हीं गाथाओं को संजोए एलईडी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। युवाओं, बच्चों, महिलाओं, किसानों एवं सभी वर्ग के लोगों ने शासन की सभी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ जनमन एवं शासन की योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित ब्रोशर का नि:शुल्क वितरण किया गया। रायपुर निवासी श्रीमती रीतिका साहू अपने 7 वर्षीय बेटे वीरांश के साथ जनसम्पर्क विभाग के डिजिटल स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि यहां डिजिटल एलईडी स्क्रीन उनको और बेटे वीरांश को बहुत भाया। उन्होंने रोबोट की भी सराहना करते हुए अपने बेटे के साथ तस्वीर खिंचाई।
इसी तरह रायपुर से आए सुलभ सौरभ, अनिल रामटेके और ग्राम परसदा (राजिम) से आए टिकेश्वर निषाद ने भी जनसम्पर्क विभाग की डिजिटल प्रदर्शनी का अवलोकन कर शासन की विभिन्न विभागों की योजनाओं के नवीनतम तकनीक से प्रचार-प्रसार की प्रशंसा की।