रायपुर

रायपुर एयरपोर्ट में फार्मासिस्ट की नौकरी 9.26 लाख में, युवती से ठगों ने वसूले
01-Nov-2026 8:29 PM
रायपुर एयरपोर्ट में फार्मासिस्ट की नौकरी 9.26 लाख में, युवती से ठगों ने वसूले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 1 नवंबर। धन्वंतरी मेडिकल स्टोर में कार्यरत एक युवती से नौकरी डॉटकॉम के माध्यम से एयरपोर्ट में फार्मासिस्ट की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 9 .26 लाख की ठगी ही गई।  पीडि़ता ने मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी दर्ज किया है।

गुडिय़ारी निवासी गीतांजलि में बताया कि तीन महीने पहले आरोपियों ने खुद को हैदराबाद एयरपोर्ट हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन का सदस्य बताकर युवती को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।  अलग-अलग बैंक खातों व यूपीआई आईडी के माध्यम से किश्तों में रकम वसूलते रहे।

पीडि़ता ने बताया कि वह बी.फार्मेसी की पढ़ाई की है और पहले धनवंतरी मेडिकल में काम करती थी। वर्तमान में वह दूसरी नौकरी की तलाश कर रही थी। इसी बीच उसे नौकरी डॉट कॉम के एप पर अपना रिज्यूमे अपलोड किया था। इसी दौरान 25 अगस्त  को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से उसके पास फोन आया। फोन करने वाले ने रायपुर एयरपोर्ट में फार्मासिस्ट के पद पर नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया और चयन के लिए तीन इंटरव्यू होने की बात कही।

आरोपी ने शुरुआत में 1,500 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क मांगा। इसके लिए पीडि़ता को मैसेज के जरिए ए.पी.एच.ओ. एयरपोर्ट हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन के नाम से यूपीआई आईडी भेजी गई। पीडि़ता ने 25 अगस्त को बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से फोनपे के माध्यम से 1,500 रुपये जमा कर दिए। इसके बाद उसे ऑनलाइन परीक्षा दिलाई गई, जिसमें पास होने की जानकारी दी गई। 27 अगस्त को उसका फोन पर इंटरव्यू भी लिया गया।

शिकायत के मुताबिक, ऑनलाइन परीक्षा और इंटरव्यू के बाद आरोपियों ने नौकरी दिलाने के नाम पर अलग-अलग तारीखों में उससे पैसों की मांग करने लगा। पीडि़ता ने छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक से 5,47,550 रुपये, बैंक ऑफ बड़ौदा से 1,22,500 रुपये और एचडीएफसी बैंक से 2,56,500 रुपये ट्रांसफर किए। इस तरह 25 अगस्त से 28 अक्टूबर 2026 के बीच कुल 9,26,550 रुपये आरोपियों के बताए खातों और यूपीआई माध्यमों से भेजे गए। पीडि़ता ने नौकरी के लिए अपनी मां के गहने गिरवी रखकर उसे पैसे दिए।

जिसके बावजूद फिर रकम की मांग की गई।  जब पीडि़ता ने उनसे पता और अन्य जानकारी पूछी, तो वे टालमटोल करने लगे। इससे उसे अपने साथ धोखाधड़ी होने का शक होने पर  उसने साइबर हेल्पलाइन फोन कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई । जिसके बाद थाना जाकर लिखित शिकायत दी है। पुलिश ने मामले में अज्ञात के खिलाफ 318-4 का अपराध दर्ज किया है।


अन्य पोस्ट