रायपुर

39 लापता व्यक्तियों को खोज परिजनों से मिलवाया, किसी के साथ अपराध नहीं
31-Oct-2026 7:25 PM
39 लापता व्यक्तियों को खोज परिजनों से मिलवाया, किसी के साथ अपराध नहीं

कोई काम की तलाश में, परिवार से नाराज होकर घर छोडऩा, प्रेम संबंध  के चलते घर से चले जाना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 31 अक्टूबर। सेंट्रल जोन के थाना क्षेत्रान्तर्गत लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए अभियान के रूप में कार्यवाही की गई।  30 अक्टूबर की स्थिति में कुल 50 प्रकरणों में से 39 लापता व्यक्तियों को खोजकर उनके परिजनों से मिलवाया जा चुका है। शेष 11 व्यक्तियों की भी तलाश जारी है।

पूर्व में गुमशुदगी के इन मामलों को एक साथ कई लोगों के अपहरण की घटनाओं के रूप में प्रस्तुत करने वाली भ्रामक जानकारी सामने आई थी। इस संबंध में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा पहले भी अपील जारी कर स्थिति स्पष्ट की गई थी कि  सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार 22 मई के उपरांत प्राप्त गुमशुदगी की सूचनाओं पर भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कर तलाश एवं जांच की कार्यवाही की जा रही है। जिन सूचनाओं पर पूर्व में गुम इंसान प्रकरण दर्ज किया जाता था, उनमें अब एफआईआर दर्ज करना निर्धारित प्रक्रिया का हिस्सा है। एफआईआर दर्ज होने मात्र से अपहरण अथवा अन्य अपराध घटित होना प्रमाणित नहीं होता।

कोतवाली में दर्ज 05 प्रकरणों में 04, थाना गोलबाजार के 04  में 03,  मौदहापारा के 12 में 11,  गंज के 07  में 04, सिविल लाइन के 10 में 06, तेलीबांधा के  8  में 07 तथा थाना देवेंद्र नगर के  दर्ज सभी 04 प्रकरणों में लापता व्यक्तियों को खोजकर परिजनों से मिलवाया गया है। इस प्रकार कुल 50 प्रकरणों/लापता व्यक्तियों में से 39 व्यक्ति मिल चुके हैं।

अब तक मिल चुके व्यक्तियों से पूछताछ एवं प्रकरणों की जांच में उनके लापता होने के अलग-अलग व्यक्तिगत एवं पारिवारिक कारण सामने आए हैं। इनमें काम की तलाश में बाहर चले जाना , परिवार से नाराज होकर घर छोडऩा, मानसिक अस्वस्थता के कारण परिवार से बिछड़ जाना तथा प्रेम संबंध के चलते घर से चले जाना एवं विवाह कर लेना जैसी परिस्थितियां भी शामिल हैं। कुछ व्यक्ति नवरात्रि के दौरान परिजनों को बिना बताए डोंगरगढ़ दर्शन के लिए चले गए थे जिनके परिजन ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

मिल चुके सभी 39 व्यक्तियों के कथनों एवं अब तक की जांच में किसी के साथ अपराध अथवा किसी प्रकार का अनिष्ट घटित होना नहीं पाया गया है। शेष लापता व्यक्तियों की तलाश भी गंभीरता से की जा रही है।


अन्य पोस्ट