रायपुर

साय सरकार को दूसरी बार उपचुनाव का सामना, अहिवारा सीट पर अप्रैल से पहले मतदान संभव
31-Oct-2026 7:24 PM
साय सरकार को दूसरी बार उपचुनाव का सामना, अहिवारा सीट पर अप्रैल से पहले मतदान संभव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 31 अक्टूबर। प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार को तीन साल के कार्यकाल में दूसरी बार विधानसभा उपचुनाव का सामना करना पड़ेगा। भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन के बाद अहिवारा विधानसभा सीट रिक्त हो गई है। इस सीट पर नए साल में अप्रैल से पहले उपचुनाव होने की संभावना है।

भाजपा के  उम्रदराज विधायकों में शामिल डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का शुक्रवार को हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन के बाद खाली हुई अहिवारा विधानसभा सीट पर छह महीने के भीतर उपचुनाव कराया जाना है। इस लिहाज से अप्रैल से पहले चुनाव होने की संभावना है।

साय सरकार को अपने तीन साल के कार्यकाल में दूसरी बार उपचुनाव का सामना करना पड़ेगा। इससे पहले रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुआ था। तत्कालीन विधायक और सरकार के मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के लोकसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद विधानसभा की सदस्यता छोडऩे से यह सीट खाली हुई थी। इसके बाद हुए उपचुनाव में भाजपा के सुनील सोनी भारी मतों से जीतकर विधानसभा पहुंचे थे।

अहिवारा के पहले और चौथे विधायक रहे कोर्सेवाड़ा

अहिवारा विधानसभा सीट का गठन वर्ष 2008 में परिसीमन के बाद हुआ था। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित इस सीट से डोमनलाल कोर्सेवाड़ा पहले विधायक निर्वाचित हुए थे। वर्ष 2008 में उन्होंने भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की थी। वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में उन्हें टिकट नहीं मिली और भाजपा ने उनकी जगह सांवलाराम डाहरे को उम्मीदवार बनाया। डाहरे चुनाव जीतकर विधायक बने। वर्ष 2018 में कांग्रेस के गुरु रुद्र कुमार ने इस सीट पर जीत दर्ज की। वहीं, वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर कोर्सेवाड़ा पर भरोसा जताया और वे जीतकर विधानसभा पहुंचे। इस तरह कोर्सेवाड़ा अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के पहले और चौथे विधायक रहे।


अन्य पोस्ट