रायपुर
तिल्दा नेवरा, 31 अक्टूबर। चक्रवाती तूफान अर्नब का असर तिल्दा नेवरा शहर व क्षेत्र में पूरी तरह से देखने को मिला है। बुधवार के पहले तक खेतों में लहलहाती फसल दो ही दिन में तबाह हो गई। पानी और तूफान के कहर से खेतों की फसल नीचे गिर गई हैं और खेतों में पानी भर गया है।
शुक्रवार को मौसम थोड़ा खुलने के बाद किसान अपने-अपने खेतों में जाकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं खेतों की स्थिति देखकर किसान काफी चिंतित हो उठे हैं उनके माथे पर चिंता की रेखाएं स्पष्ट नजर आ रही है। इधर, भाजपा किसान नेता ग्राम रायखेड़ा निवासी ठाकुर राम वर्मा ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जल्द ही भाटापारा शाखा नहर व बंगोली माइनर को बंद किया जाए,
ताकि खेतों में गिरे धान की फसलों पर ज्यादा पानी न जा पाए और किसानों को राहत मिल सके, बता दें वर्तमान में नहर नाली और माइनर पर पानी छोड़ा गया है जिसे बंद करने की मांग की गई है।
भाजपा किसान नेता ठाकुर राम वर्मा ने शासन से किसानों के लिए मुआवजे की घोषणा की मांग भी की है। ताकि आए दीवाली त्यौहार में किसानों को राहत मिल सके।