रायपुर

15 तक गिरदावरी पूरी करने, निर्माण कार्यों में तेजी लाने जोर
30-Oct-2026 7:20 PM
15 तक गिरदावरी पूरी करने, निर्माण कार्यों में तेजी लाने जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 30 अक्टूबर। मुख्य सचिव विकासशील ने शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 में दर्ज आम जनता की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने और इसकी जानकारी सुशासन एवं अभिसरण विभाग को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को कहा है। मुख्य सचिव ने 15 नवंबर से पहले सभी फसलों की गिरदावरी का कार्य पारदर्शिता के साथ पूरा करने के निर्देश भी दिए हैं।

मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गिरदावरी की जानकारी प्रत्येक ग्राम की ग्रामसभा में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। यदि किसी किसान के खेत की गिरदावरी छूट जाती है, तो वह ग्रामसभा में आवेदन देकर इसे तत्काल पूरा करवा सकता है।

निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान लोक निर्माण विभाग को शासकीय भवनों, सडक़ों और पुल-पुलियों के अधूरे काम समयसीमा में पूरे करने के निर्देश दिए गए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को नल-जल योजनाओं और जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने को कहा गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास, आदिम जाति विकास तथा वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को स्वीकृत निर्माण कार्य शीघ्र पूरे करने के निर्देश दिए गए। नगरीय क्षेत्रों में सुगम आवागमन के लिए नगरीय प्रशासन एवं परिवहन विभाग को सुव्यवस्थित परिवहन कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। वहीं, संस्कृति विभाग से राज्योत्सव की तैयारियों की जानकारी ली गई।

बैठक में पारस पोर्टल के प्रमुख एजेंडा बिंदुओं पर भी चर्चा हुई। आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाओं, जल जीवन मिशन और अमृत 2.0 योजना में बिना विलंब प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से होने वाली भर्ती प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को अपनी आवश्यकताएं और प्रस्ताव शीघ्र भेजने को कहा गया।

बैठक में विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट