रायपुर

सुरक्षा, महंगाई भत्ते और फसल मुआवजे पर बैज ने सरकार को घेरा
30-Oct-2026 7:20 PM
सुरक्षा, महंगाई भत्ते और फसल मुआवजे पर बैज ने सरकार को घेरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 30 अक्टूबर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा में कटौती, कर्मचारियों के महंगाई भत्ते और चक्रवात अर्नब से फसलों को हुए नुकसान को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि यदि नक्सलवाद समाप्त होने के कारण जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा हटाई जा रही है, तो पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की एनएसजी सुरक्षा भी हटाई जाएगी क्या? उन्होंने कहा कि सुरक्षा के मामले में भेदभाव नहीं होना चाहिए। बस्तर के भाजपा नेताओं को मिली सीआरपीएफ की विशेष सुरक्षा पर भी सरकार अपना रुख स्पष्ट करे।

बैज ने कर्मचारियों और पेंशनरों को महंगाई भत्ते का लंबित एरियर्स दिवाली से पहले देने की मांग की। उन्होंने कहा कि केंद्र के समान डीए देने का वादा करने वाली भाजपा सरकार कर्मचारियों को पूरा लाभ नहीं दे रही है। केंद्र द्वारा स्वीकृत महंगाई भत्ते की वृद्धि भी राज्य में समय पर लागू नहीं की गई।

चक्रवात अर्नब से फसलों को हुए नुकसान पर उन्होंने तत्काल सर्वेक्षण कर वास्तविक क्षति के आधार पर किसानों को मुआवजा देने की मांग की। साथ ही फसल बीमा कंपनियों की निगरानी के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाने और बीमा राशि के भुगतान में लापरवाही पर कार्रवाई की मांग की।


अन्य पोस्ट