रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 अक्टूबर। आज खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रायपुर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र गोलबाजार में मिठाइयों को आकर्षक बनाने के लिए उपयोग किए जाने वाले चांदी वर्क (सिल्वर लीव्स) की गुणवत्ता की जांच के लिए विभिन्न प्रतिष्ठानों में निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई की।
जांच के दौरान गोलबाजार स्थित फर्म लक्मन दास सेल्स से अनूप ब्रांड सिल्वर लीव्स का विधिक नमूना लिया गया। इसी प्रकार न्यू राम कृष्ण एजेंसी से शक्ति ब्रांड एवं श्री ब्रांड सिल्वर लीव्स के विधिक नमूने लिए गए। जांच के दौरान प्रतिष्ठान से श्री ब्रांड सिल्वर लीव्स के 8 पैकेट भी जब्त किए गए। इसके अतिरिक्त मेसर्स दौलत राम दीवान से शाही ब्रांड सिल्वर लीव्स का विधिक नमूना लिया गया। वहीं न्यू राम कृष्ण एजेंसी से शुभ ब्रांड सिल्वर लीव्स का नमूना लेकर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया।
इस प्रकार खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा विभिन्न ब्रांड के चांदी वर्क के कुल 5 विधिक नमूने संग्रहित किए गए तथा 8 पैकेट जब्ती की कार्रवाई की गई। संग्रहित नमूनों की प्रयोगशाला में गुणवत्ता एवं निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप जांच की जाएगी। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।