रायपुर
आरटीओ में आरक्षक की नौकरी लगाने दिया था झांसा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 अक्टूबर। मंत्री का पीएसओ बता कर सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर कवर्धा के एक युवक से राजधानी में 10 लाख की ठगी हो गई। शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने संजय लहरी के खिलाफ धारा 318(4) का अपराध दर्ज किया है।
ग्राम सिंघनपुरी, जिला कवर्धा निवासी राजू बंजारे ने बताया कि वह सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान रायपुर में एक कार्यक्रम के दौरान उसकी मुलाकात संजय लहरी से हुई। बातचीत के दौरान राजू ने उसे सरकारी नौकरी की तैयारी करने की बात बताई। संजय ने खुद को पीएसओ बताते हुए मंत्रियों और बड़े अधिकारियों से परिचय होने और कई लोगों की नौकरी लगवाने की बात कहकर उसे नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।
संजय ने परिवहन विभाग में आरक्षक पद पर नौकरी लगाने की बात कही। इस पद पर नौकरी लगवाने के एवज में 20 लाख रुपये की मांग की। इसमें से 10 लाख रुपये एडवांस और बाकी 10 लाख रुपये नौकरी लगने के बाद देने की बात कही गई। राजू ने उसके बातों पर भरोसा कर तीन किस्तों में 10 लाख रुपये नकद और ऑनलाइन के माध्यम से दे दिए।
राजू ने बताया कि मई 2026 में उसने संजय को अलग-अलग किस्तों में रकम दी। जिसमें 6-7 मई को रायपुर स्थित सर्किट हाउस के पास पांच लाख रुपये नकद दिए। इसके बाद 15 मई को 2.50 लाख , 20 मई को 2.30 लाख और 20 हजार रुपये फोन के माध्यम से दिए। इस तरह उसने संजय को 10 लाख दिए।
इसके बाद समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगने पर राजू ने संजय से संपर्क किया। संजय उसे नौकरी जल्द लगने की बात कहकर लगातार टालमटोल करता रहा। नौकरी नहीं लगने पर राजू को अपने साथ धोखाधड़ी होने की आशंका हुआ।
इस बारे में पूछताद करने पर राजू को पता चला की संजय लहरी ने नौकरी दिलाने के नाम पर रत्ना साहू, फातिमा कुरैशी, प्रियंका साहू, मोहम्मद आरिफ खान सहित अन्य लोगों से भी रकम लिए हैं। ठगी होने परप राजू ने रायपुर आकर इसकी शिकायत सिविल लाइनथाना में दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 318-4 का अपराध दर्ज कर मामले में जांच पड़ताल कर रही है।