रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 अक्टूबर। भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना के लिए चार दिवसीय प्रशिक्षण मंगलवार से शुरू हुआ। प्रशिक्षण में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों को जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, डिजिटल माध्यमों से आंकड़ों के संग्रहण के संबंध में जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य एवं नागरिक पंजीकरण के निदेशक कार्तिकेय गोयल उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में पहले दो दिवस ग्रामीण चार्ज अधिकारियों (रूरल चार्ज ऑफिसर) तथा शेष दो दिवस शहरी चार्ज अधिकारियों (अर्बन चार्ज ऑफिसर) को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस प्रक्रिया में प्रगणक विशेष मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से अपने स्मार्टफोन पर परिवारों से संबंधित आंकड़े एकत्र करेंगे। इसके अतिरिक्त आमजन को भी स्मार्ट फोन / वेब पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा।स्व-गणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़ों की सटीकता और पूर्णता सुनिश्चित करने के लिए प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा उनका सत्यापन किया जाएगा।
जनगणना के द्वितीय चरण अर्थात जनसंख्या गणना के दौरान प्रगणकों द्वारा देश के सभी व्यक्तियों से संबंधित जनसांख्यिकीय, सामाजिक-सांस्कृतिक और आर्थिक पहलुओं के साथ-साथ प्रवासन एवं प्रजनन संबंधी विशेषताओं के आंकड़े एकत्र किए जाएंगे।
प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, डिजिटल उपकरणों के उपयोग, आंकड़ों की शुद्धता तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के पालन के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की जा रही है।
प्रशिक्षण के माध्यम से सभी संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने और जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक कराने के लिए तैयार किया जा रहा है।