रायपुर

नाबालिग का अपहरण कर एपी में रेप, युवक को 20 साल जेल
28-Oct-2026 6:50 PM
नाबालिग का अपहरण कर एपी में रेप, युवक को 20 साल जेल

रायपुर, 28 अक्टूबर। तिल्दा-नेवरा में मासूम बच्ची का अपहरण कर उसके साथ रेप की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी शाहिल उर्फ आशू साहू को विशेष पॉक्सो अदालत ने 20 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अपर सत्र न्यायाधीश एवं द्वितीय फास्ट ट्रैक विशेष न्यायाधीश गिरीश कुमार मंडावी ने यह फैसला सुनाया। अदालत ने आरोपी को धारा 363 के तहत तीन साल, धारा 366 के तहत सात साल और लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) की धारा 4(2) के तहत 20 साल के सश्रम कारावास से दंडित किया। अदालत के आदेश के अनुसार, सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी। अभियोजन के मुताबिक, जून 2024 को पीडि़ता के पिता ने तिल्दा-नेवरा थाने में अपनी 12 वर्षीय बेटी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने मध्य प्रदेश के कटनी से पीडि़ता को आरोपी शाहिल उर्फ आशू साहू के कब्जे से बरामद किया। पीडि़ता ने बताया कि आरोपी से उसका परिचय छह महीने से था। 12 जून को आरोपी उसे घूमने जाने के बहाने तिल्दा रेलवे स्टेशन बुलाकर ट्रेन से कटनी ले गया था। वहां एक सुनसान जगह पर उसके साथ जबरदस्ती  संबंध बनाए गए। अदालत ने पीडि़ता सहित अन्य के बयान के आधार पर शाहिल को दोषी करार देते हुए 20 साल कठोर कारावार की सजा सुनाई।


अन्य पोस्ट