रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 अक्टूबर। एनआईटी रायपुर में सोमवार को उन्नत गणितीय मॉडलिंग एवं कम्प्यूटेशनल विधियों पर एक सप्ताह के संकाय विकास कार्यक्रम शुरू हुआ । "उन्नत गणितीय मॉडलिंग एवं कम्प्यूटेशनल विधियाँ: विज्ञान एवं अभियांत्रिकी में अनुप्रयोग" विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन एनआईटी रायपुर के गणित विभाग द्वारा आईआईटी गुवाहाटी की इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ई एंड आईसीटी) अकादमी के सहयोग से किया जा रहा है।
उद्घाटन सत्र में कार्यक्रम समन्वयक प्रो. शारदा नंदन राव ने स्वागत भाषण दिया।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. कपिल कुमार सोनी ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान गुवाहाटी की ई एंड आईसीटी अकादमी तथा दोनों संस्थानों के बीच हब-एंड-स्पोक साझेदारी की जानकारी दी। अकादमी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुश्री फिरोजा हक ने संकाय विकास, तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और संस्थागत सहयोग की भूमिका को रेखांकित किया। गणित विभागाध्यक्ष डॉ. सुजीत कुमार सामंत ने विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों एवं योगदान की जानकारी दी, जबकि संस्थान के कुलसचिव श् अशोक कुमार गुप्ता ने व्यावसायिक विकास की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्य अतिथि एफएसआरटीआई, हैदराबाद के निदेशक एवं प्रधान अनुसंधान वैज्ञानिक प्रो. वी. श्रीहरि राव ने प्रतिभागियों से सक्रिय भागीदारी के माध्यम से अपनी शैक्षणिक एवं अनुसंधान क्षमताओं को सुदृढ़ करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि करियर डेवलपमेंट सेंटर के प्रमुख प्रो. समीर बाजपेयी ने भी प्रतिभागियों को कार्यक्रम का अधिकतम लाभ उठाने प्रेरित किया।
उद्घाटन सत्र का समापन कार्यक्रम समन्वयक डॉ. नीरज मनहास के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।