रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 अक्टूबर। ट्रेन में यात्रा के दौरान सीआईएसएफ जवान का बैंक चोरी होने का मामला सामने आया है। महिला दिल्ली से रायपुर आने के लिए गोडवाना एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में सफर कर रही थी। सोनकन्या साहू, निवासी ग्राम कुंडेल, जिला धमतरी, ने बताया कि वह दिल्ली से रायपुर तक गोंडवाना एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 12410 के एस-2 कोच में सीट नंबर 80 पर यात्रा कर रही थीं। यात्रा के दौरान रात करीब 2.55 बजे उनका बैग चोरी हो गया। बैग में दो मोबाइल फोन, चांदी की दो जोड़ी पायल, सोने का एक कान का टॉप, ब्लूटूथ, सीआईएसएफ पहचान पत्र और मेट्रो कार्ड सहित अन्य सामान रखा था। महिला ने इस संबंध में रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर शिकायत भी की थी। घटना स्थल बीना रेलवे स्टेशन के पास होने के कारण मामला जीआरपी थाना बीना भेजा गया।
दूसरे मामले में जोधपुर जिले के ओसियां थाना क्षेत्र के निवासी ओमप्रकाश शर्मा ने शिकायत की कि वह अपनी पत्नी मनीषा शर्मा के साथ जोधपुर से रायपुर आ रहे थे। यात्रा के दौरान सुबह 7.13 बजे उनकी पत्नी की नींद खुलने पर पर्स गायब मिला। पर्स में 20 हजार रुपये नकद, आईफोन, आधार कार्ड व अन्य सामान रखा हुआ था। चोरी गए सामान की कीमत 95 हजार रुपये बताई है।
ओमप्रकाश कोच में पर्स की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद उसने हेल्पलाइन नंबर 139 पर शिकायत की। दोनों मामलों में यात्रियों ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ चोरी की शिकायत की है।