रायपुर
रायपुर। सीएम विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंगलवार को राज्य मंत्री परिषद की बैठक होगी। महानदी भवन में पूर्वान्ह 11.30 बजे से होने वाली बैठक में धान खरीदी की नीति को मंजूरी दी जाएगी। साथ ही सरकार ने कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते के भुगतान का फैसला भी कर सकती है। इस बीच बैठक से प्रदेश के लाखों शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी उम्मीदें हैं। महंगाई के बढ़ते दबाव के बीच कर्मचारियों को महंगाई भत्ता (डीए) और पेंशनरों को महंगाई राहत (डीआर) का लाभ केंद्र सरकार के समान दर और प्रभावी तिथि से मिलने की प्रतीक्षा है। इसके साथ ही लंबित एरियर के भुगतान तथा कर्मचारी-पेंशनर हित में अन्य निर्णयों की भी अपेक्षा की जा रही है।
राज्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने कहा कि दिवाली खुशियों और राहत का पर्व है। ऐसे अवसर पर प्रदेश के कर्मचारियों और सेवानिवृत्त पेंशनरों को महंगाई से राहत देने वाला निर्णय लिया जाना चाहिए। महंगाई भत्ता और महंगाई राहत कर्मचारियों एवं पेंशनरों की आर्थिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषय हैं। इसलिए इनकी घोषणा के साथ लंबित एरियर के भुगतान पर भी स्पष्ट निर्णय आवश्यक है।
कर्मचारी नेता नामदेव ने कहा कि कर्मचारी अपने सेवाकाल में प्रदेश के विकास और प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं, वहीं पेंशनर अपने जीवन के लंबे वर्ष शासन की सेवा में समर्पित कर चुके हैं। ऐसे में त्योहार के समय उन्हें राहत देना शासन की संवेदनशीलता और कर्मचारी-पेंशनर कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाएगा।
उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि आगामी कैबिनेट बैठक में डीए-डीआर में वृद्धि, केंद्र के समान लाभ, लंबित एरियर के भुगतान तथा पेंशनरों की अन्य लंबित समस्याओं पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार दिवाली से पहले कर्मचारी और पेंशनर वर्ग की भावनाओं को समझते हुए उन्हें राहत प्रदान करेगी।