रायपुर

प्रेस क्लब में फायर करने वाला गिरफ्तार
25-Oct-2026 7:16 PM
प्रेस क्लब में फायर करने वाला गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 25 अक्टूबर। राजधानी रायपुर के प्रेस क्लब परिसर में शनिवार शाम  उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब सदस्यता न मिलने से नाराज  युवक पलाश   तिवारी ने गोलियां चला दीं। गोलीबारी की इस सनसनीखेज वारदात से परिसर में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पलाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी पलाश तिवारी प्रेस क्लब की सदस्यता हासिल करना चाहता था। लंबे समय से सदस्यता न मिलने के कारण वह खासा नाराज चल रहा था। शाम  वह प्रेस क्लब पहुंचा और इसी बात को लेकर विवाद करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फायरिंग करने से ठीक पहले आरोपी ने प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष और कार्यालय सचिव पर पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी दी।

विवाद बढऩे पर आरोपी ने अपनी जेब से पिस्टल निकालकर गोलियां दाग दीं। अचानक हुई फायरिंग की आवाज से आसपास मौजूद लोग सहम गए और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। गनीमत रही कि गोली किसी को लगी नहीं और एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

घटना के तुरंत बाद प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।  पुलिस ने  आरोपी पलाश तिवारी को दबोच लिया। उसके  खि धारा 25,27 आर्म्स एक्ट और 125,351-2 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार बरामदगी और उसके लाइसेंस आदि को लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।  बताया जा रहा है कि पलाश अपराधी प्रवृत्ति का है। वह पूर्व में पाक्सो एक्ट के तहत भी आजाद चौक पुलिस की गिरफ्त में आकर जेल जा चुका था।

एसीपी दीपक मिश्रा ने बताया कि इससे पिस्टल के बारे में पूछताछ की जा रही है।


अन्य पोस्ट