रायपुर

सशक्त नारी-युवा उड़ान माओवाद मुक्त छत्तीसगढ़ की थीम पर होगा राज्योत्सव
25-Oct-2026 7:07 PM
 सशक्त नारी-युवा उड़ान माओवाद मुक्त छत्तीसगढ़ की थीम पर होगा राज्योत्सव

अमित शाह समापन समारोह में शामिल होंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 25 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ राज्य के 26 वें स्थापना दिवस पर नवा रायपुर में 1 से 3 नवंबर तक तीन दिवसीय राज्योत्सव 2026 का आयोजन होने जा रहा है। नवा रायपुर अटल नगर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर (तूता मेला ग्राउंड) में आयोजित होने वाले इस महोत्सव की तैयारियां भव्यता के साथ चल रही हैं।

इस वर्ष का राज्योत्सव विशेष रूप से सशक्त नारी-युवा उड़ानतथा माओवाद मुक्त छत्तीसगढ़ की थीम पर केंद्रित रहेगा।  राज्योत्सव के इतिहास में पहली बार भारतीय वायुसेना की विख्यात सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम और सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम नवा रायपुर के गगन में अपने हैरतअंगेज हवाई करतब और फॉर्मेशन फ्लाइंग का लाइव प्रदर्शन करेंगी। यह सेंध लेक क्षेत्र में होगा। उत्सव के मुख्य मंच पर राष्ट्रीय और बॉलीवुड कलाकारों की लाइव प्रस्तुतियां शाम को यादगार बनाएंगी। बॉलीवुड के सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य, मशहूर गायिका पलक मुच्छाल और प्रसिद्ध गायिका स्वस्ति मेहुल अपनी संगीतमय प्रस्तुतियां देंगी। इसके साथ ही  प्रदेश के लोक कलाकार राज्य की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत करेंगे।

1 नवंबर को भव्य उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना है। वहीं, 3 नवंबर को आयोजित होने वाले समापन एवं राज्य अलंकरण समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह होंगे। इस गरिमामय मंच से कला, साहित्य, खेल, कृषि, सहकारिता, महिला उत्थान और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली राज्य की 40 उत्कृष्ट विभूतियों को प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।

 तूता ग्राउंड में शासन के सभी प्रमुख विभागों द्वारा विशाल विकास प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इनमें  ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत-अंजोर छत्तीसगढ़ के रोडमैप को प्रस्तुत किया जाएगा।


अन्य पोस्ट