रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 अक्टूबर। साइबर ठगों ने राजधानी के कारोबारी को अपना शिकार बनाया।सैनेटरी कारोबारी से 93 लाख रुपए की ठग लिए।राठी बंधु कमर्शियल प्रा.लि.के संचालक के मोबाइल नंबर पर फोटो लगाकर मुंशी से 93 लाख रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया।ठगों ने दो दिनों में मुंशी को मालिक बनकर मैसेज में खाता नंबर दिए।पहले दिन 80 लाख दूसरे दिन 13 लाख रुपए ट्रांसफर कराया। ठगी का खुलासा होने पर बैंक के प्रयास से 13 लाख रुपए खाते में वापस हुए। कारोबारी ने टिकरापारा पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाया है। पुलिस धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धारा में दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महाराष्ट्र से निकला ट्रक रास्ते में 10 टन लोहा, 100 लीटर डीजल खा गया चालक, फरार
उरला में एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर ने अपने ही कम्पनी के ट्रक ड्राइवर पर अमानत में खयानत का आरोप लगाया है। कम्पनी के मैनेजर सतबीर सिंह ने इसकी शिकायत उरला थाना में दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चालक लखबीर सिंह के खिलाफ धारा 316(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सतबीर सिंह नागपुर महाराष्ट्र्र स्थित गुलशन ट्रकिंग में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि 12 अक्टूबर को महाराष्ट्र के कोनसारी स्थित लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी से ट्रक-ट्रेलर एमपी 22जेड जे 9357 में 42.210 टन आयरन और प्लेट लोड कर रायपुर के तिल्दा स्थित स्वदेश मेटालिक प्राइवेट लिमिटेड के लिए रवाना किया गया था। ट्रक को 14 अक्टूबर तक वहां पहुंचना था।
शिकायत के मुताबिक समय में माल नहीं पहुंचने पर सतबीर सिंह ने जानकारी लेने चालक से संपर्क किया, लेकिन उससे किसी भी प्रकार का संपर्क नहीं हो पाया। जिसके बाद ट्रांसपोर्ट कंपनी के कर्मचारियों ने उसकी तलाश शुरू की। अन्य ट्रक चालकों से जानकारी लेने पर पता चला कि संबंधित ट्रक उरला के छह लेन मार्ग स्थित प्रीत दा ढाबा के पास खड़ा है और चालक मौके पर मौजूद नहीं है।
सूचना मिलने पर सतबीर सिंह और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। ट्रक में लोड माल की जांच करने के बाद वाहन को उरला स्थित धर्मकांटा में तौल कराया गया। कम्पनी से गाड़ी निकलने पर माल सहित वजन 57.100 टन था। जबकि दोबारा तौल में वजन 46.250 मीट्रिक टन मिला। जिसमें से 10.850 मीट्रिक टन आयरन और प्लेट, जिसकी कीमत करीब 1.45 लाख बताई गई है। साथ ही ट्रक में रखा 100 लीटर डीजल, जिसकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये भी गायब मिला।
इस प्रकार लखबीर सिंह ने 1 लाख 55 हजार रुपये के माल और डीजल का गबन कर फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी चालक के विरुद्ध धारा 316(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।