रायपुर
आयुक्त मिश्रा ने किया निरीक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 अक्टूबर। निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने शनिवार को जोन 1 खमतराई कार्यालय का निरीक्षण किया। आयुक्त ने जोन 1 द्वारा जोन कार्यालय परिसर में कबाड़ सामग्री निष्पादन की कार्रवाई को देखा। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कबाड़ को नीलाम करने के निर्देश दिए।
रायपुर नगर निगम जोन 1कार्यालय द्वारा जोन कार्यालय में विगत अनेक वर्षो से रखी हुई लगभग 35 साइकिलें महिला एवं बाल विकास विभाग को भिजवा दी गयी है। वहीं लगभग 27 व्हीलचेयर्स हमर अस्पताल को भिजवाई गई ।
आयुक्त मिश्रा ने गुढिय़ारी दीक्षा नगर क्षेत्र में जलागार के निर्माण की प्रगति का अवलोकन किया । जोन अधिकारियों को निर्माण कार्य को तत्काल तेज करते हुए अगले वर्ष गर्मी के पूर्व पूर्ण करने निर्देशित किया। आयुक्त ने जोन 1 क्षेत्र अंतर्गत गोंदवारा ब्रिज के पास के क्षेत्र का निरीक्षण कर वहाँ शीघ्र बाजार व्यवस्थापन हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा सीनियर, ईई द्रोनी कुमार पैकरा,एई शरद देशमुख सहित अन्य सम्बंधित जोन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थित रहे।
4 दिन से सफाई बंद, ठेकेदार पर 10 हजार जुर्माना
जोन 9 कमिश्नर हितेन्द्र यादव ने वार्ड 8 में बीएसयूपी खालबाड़ा के अनुबंधित सफाई ठेकेदार मेसर्स नवाज इंटरप्राइजेस पर 10 हजार का जुर्माना लगाया। बताया गया है कि 20 से 24 अक्टूबर तक लगातार 4 दिन से बिना पूर्व अनुमति,बिना पूर्व सूचना दिए सफाई बंद कर दिया था। इस पर 10 हजार जुर्माना करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब माँगा है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार ठेका निरस्त करने की चेतावनी दी है।