रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 अक्टूबर। राजधानी में कमल विहार निवासी कारोबारी के साथ अज्ञात व्यक्ति में उसकी प्रोफाइल फोटो और पहचान का फायदा उठा ठगी कर दी। विजय राठी में इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। उसने शिकायत में बताया कि राठी बंधुस कमर्शियल प्राइवेट लिमिटेड, की पहचान और प्रोफाइल फोटो का दुरुपयोग कर अज्ञात व्यक्ति ने कंपनी के अकाउंटेंट को व्हाट्सऐप पर मेसेज भेजे और बैंक खातों में लाखों रुपये ट्रांसफर करा लिए। इस धोखाधड़ी से कंपनी को 80 लाख रुपये का नुकसान हुआ।
उसने बताया कि उसका कार्यालय देवपुरी स्थित रिलायंस जियो पेट्रोल पंप के पास राठीस बिल्ड मार्ट में है। 19 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:23 बजे एक अज्ञात मोबाइल नंबर से विजय राठी के नाम और प्रोफाइल फोटो का इस्तेमाल करते हुए कंपनी के अकाउंटेंट लेखराम चक्रधारी को व्हाट्सऐप मेसेज भेजा गया। कंपनी के बैंक खातों की जानकारी लेकर भुगतान करने के निर्देश दिए गए।
मेसेज पर भरोसा कर अकाउंटेंट ने कंपनी के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, देवपुरी शाखा स्थित खाते से उसी दिन 80 लाख रुपये बैंक ऑफ इंडिया के एक खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। जिसमें संबंधित खाते का नाम एमआई क्लोदिंग बताया गया।
इसके बाद 21 अक्टूबर को इसी तरह दोबारा 13 लाख रुपये भुगतान करने का मेसेज मिला। इस बार रकम फेडरल बैंक के एसएस गोल्ड नाम के खाते में भेजी गई। धोखाधड़ी का शक होने पर लेन-देन के संबंध में कंपनी ने तत्काल बैंक से संपर्क किया। बैंक की कार्रवाई के बाद 13 लाख रुपये की राशि कंपनी के खाते में वापस आ गई। घटना की शिकायत साइबर सेल को दी गई। जिसके बाद कारोबारी ने थाने में लिखित में आवेदन दिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 66 डी 318 - 4 का अपराध ब्रज किया है। व्हाट्सऐप चैट, मैसेज, बैंक स्टेटमेंट और लेन-देन से संबंधित दस्तावेजों से अज्ञात आरोपी की तलाश की जा रही है।