रायपुर

चरौदा-धरसींवा सडक़ बन रही फोरलेन
23-Oct-2026 7:16 PM
चरौदा-धरसींवा सडक़ बन रही फोरलेन

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 23 अक्टूबर। जिले के महत्वपूर्ण चरौदा–धरसींवा मार्ग का चौड़ीकरण कर फोरलेन सडक़ का निर्माण किया जा रहा है। लगभग 3.20 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण से धरसींवा विकासखंड मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

इस मार्ग से रायपुर-कवर्धा, रायपुर-सिमगा एवं रायपुर-बिलासपुर मार्गों पर संचालित यात्री बसों के साथ ही भारी एवं हल्के वाहनों का भी आवागमन होता है। यातायात के बढ़ते दबाव और सडक़ की खराब स्थिति के कारण नागरिकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर शासकीय कार्यालयों तक पहुंचने वाले ग्रामीणों, यात्रियों एवं स्थानीय निवासियों को परेशानी होती थी। सडक़ के चौड़ीकरण एवं फोरलेन निर्माण से इन समस्याओं का समाधान होने के साथ ही क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा।

लोक निर्माण विभाग के ईई विशाल त्रिवेदी ने बताया कि चरौदा–धरसींवा मार्ग पर फोरलेन बिटुमिनस (बीटी) सडक़ निर्माण का कार्य प्रगतिरत है। निर्माण कार्य के अंतर्गत डिवाइडर के दोनों ओर 7-7 मीटर चौड़ी बीटी सडक़ बनाई जा रही है। इसके अतिरिक्त मार्ग के दोनों ओर 1 मीटर चौड़ी एवं 1 मीटर गहरी नालियों के निर्माण का प्रावधान किया गया है।


अन्य पोस्ट