रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 अक्टूबर। चंडीगढ़ के ताज होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले रायपुर के राइस मिल कारोबारी दीपक मित्तल का गुरुवार को मारवाड़ी मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया। उनकी मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा।
दीपक मित्तल प्रदेश के बड़े राइस मिल कारोबारियों में गिने जाते थे। वह अनाज की आपूर्ति का कारोबार भी करते थे और छत्तीसगढ़ के अलावा दूसरे राज्यों में भी उनकी सप्लाई थी। उनकी फर्म को पंजाब सरकार की ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत राशन किट की आपूर्ति का करीब 400 करोड़ रुपये का ठेका मिला था। इसी सिलसिले में उनका चंडीगढ़ आना-जाना लगा रहता था।
दीपक मित्तल चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित होटल ताज में ठहरे थे। उनके साथ एक युवती भी थी। बुधवार तडक़े करीब साढ़े पांच बजे उनकी तबीयत बिगड़ गई। होटल कर्मचारी उन्हें जीएमएसएच-16 अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने होटल के कमरे की तलाशी में शराब की बोतलें, दवाइयां और करीब पांच लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस ने कमरे में मौजूद युवती से पूछताछ की, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया। घटना की जांच के तहत होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मौत की वजह स्पष्ट करने के लिए विसरा नमूना फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शराब और दवाइयों का उनकी मौत से कोई संबंध था या नहीं।
मूलत: मध्यप्रदेश के कटनी निवासी दीपक मित्तल का रायपुर के राजीव नगर में निवास था। विधानसभा मार्ग पर उनकी राइस मिल है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था। गुरुवार सुबह पार्थिव देह रायपुर लाया गया, जिसके बाद मारवाड़ी मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया।