रायपुर
रायपुर, 18 अक्टूबर। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि भाजपा सरकार बिजली के दामों को बढ़ाने के बाद अब ईंधन प्रभार के रूप में कोयले के सेस के रूप में उपभोक्ताओं में 300 से 1000 रू. वसूल रही है। यह सरकार की जनता के साथ लूट है, पहले ही बिजली के दाम इतना बढ़ा दिये अब कोयले का सेस लिया जाना गलत है। भाजपा सरकार ने बिजली विभाग को जबरिया वसूली का विभाग बना लिया है। इस साल अक्टूबर में जिनका बिजली बिल पटाने की नियत तारीख नहीं आई है। उनका भी पिछला प्रभार बकाया बता कर विद्युत कनेक्शन काट दिया जा रहा है। उपभोक्ता परेशान है, उन्हें समझ ही नहीं आ रहा कि बिजली क्यों काटी गई है। राजपूत ने कहा कि बिजली विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को लूटना है। बिजली आवश्यक जरूरत बन गयी है। उसका फायदा सरकार और बिजली विभाग उठा रहा, कभी अनुबंध भार से ज्यादा खपत बताकर दंड वसूला जा रहा तो कभी सेस लगाकर, कभी कोयले का अतिरिक्त प्रभार लगाकर वसूली की जा रही।