रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 अक्टूबर। लोधीपारा चौक तरूण नगर में कल तीन बच्चों के साथ मारपीट करने वाले सौतेले पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि सगी मां अन्नू देवी पासवान और सौतेला पिता राजा दीप छोटी-छोटी बातों पर बच्चों के साथ आए दिन मारपीट करता था। साथ ही बच्चों के साथ र्दुव्यवहार किया जाता था। मंगलवार को भी सौतेले पिता ने तीन बच्चों के साथ मारपीट कर बच्चों को सिगरेट से शरीर को जलाया। मारपीट से बच्चों के शरीर पर कई जगह चोट के निशान आए हैं। इनमें तीन साल के रोहित का हाथ फ्रैक्चर हो गया। उसके चेहरे और आंखों के आसपास भी गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद मामले में पुलिस ने मां को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि सौतेला पिता राजा दीप फरार हो गया था। जिसकी पतासाजी कर शनिवार दोपहर को पकड़ा। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मारपीट सहित किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत कार्रवाई की है।
इसकी शिकायत कल तरुण नगर निवासी सुशीला जगत की थीं। उसने शिकायत में बताया कि अन्नू देवी अपने पति राजा दीप के साथ किराए के मकान में रहती है। पहले पति से उसके तीन बच्चे समीर (8), लक्ष्मी (6) और रोहित (3) हैं।
बताया गया कि दो दिन पहले सुबह लक्ष्मी रोते हुए घर से बाहर आई। उसने मोहल्ले के लोगों को बताया कि राजा दीप ने उसके छोटे भाई रोहित की पिटाई की है। जब पड़ोसियों ने इस मामले का विरोध किया तो, अन्नू देवी ने उन्हें धमकाया।
इसके बाद बस्ती के लोगों ने सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई। मारपीट में घायल रोहित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अन्नू देवी को कल ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। फरार पिता को आज गिरफ्तार किया गया। किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत कार्रवाई की जा रही है।