रायपुर

खरोरा के कथित पुलिसकर्मी ने पुराने केस का डर दिखा महिला से ठगे 10 हजार
17-Oct-2026 7:59 PM
खरोरा के कथित पुलिसकर्मी ने पुराने केस का डर दिखा महिला से ठगे 10 हजार

पुलिस के नाम से भी हो रही ठगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 17 अक्टूबर। पुलिस कर्मी बता पुराने केस में सजा दिलाने का डर दिखा कर अज्ञात व्यक्ति ने महिला से 10 हजार रूपए की ऑलाइन ठगी कर दी। मामला पुराना विधानसभ इलाके का है। जिसमें पीडि़ता ने खरोरा थाना के कथित पुलिस कर्मी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पीडि़ता इसकी शिकायत पुराना विधानसभा थाना में दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।

ग्राम दोदेखुर्द निवासी अनिता कोसले 34 , ने रिपोर्ट में बताया कि गुरूवार की सुबह 7 बजे उनकी बहन सुनीता डहरिया का फोन आया था। जिसमें सुनीता ने बताया कि थाना खरोरा में दर्ज पुराने मारपीट के मामले में खरोरा थाना के किसी कथित पुलिस कर्मी ने उसे फोन कर धमकाया कि उनकी बहन के नाम से दर्ज कराया गया मारपीट का मामला छोटा है और आरोपी जल्द छूट जाएंगे। उसने केस मजबूत करने और आरोपियों को सजा दिलाने के नाम पर उससे10 हजार रुपए भेजने को कहा।

आरोपियों को सजा दिलाने की बात पर भरोसा कर अनिता ने उसके व्हाट्सअप पर भेजे गए क्यूआर कोड के माध्यम से फोनपे से पहले 2,000 रुपए और फिर 7,499.99 रुपए ट्रांसफर कर दिए। इस तरह उसने आरोपी को 9,499.99 रुपए दिए।

कुछ देर बाद आरोपी ने कोर्ट में फाइल लाने-ले जाने के नाम पर दोबारा 6,000 रुपए की मांग की। इस पर अनिता को उस परशक हुआ। तब उसने पुराने मामले खरोरा थाना में इस बारे में पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि उनमें से किसी ने उसकी बहन को कॉल नहीं किया है।

साइबर ठगी होने के शक में अनिता कोसले ने विधानसभा थाना जाकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। व्हाट्सअप चैट, कॉल हिस्ट्री और फोनपे लेनदेन के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को दिए।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में आरोपी की पहचान और ठगी की रकम के लेनदेन की जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट