रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 अक्टूबर। कचना के मोदी नगर स्थित गैस एजेंसी के मुंशी की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर बाइक सवार नकाबपोश दो बदमाशों ने 1.30 लाख रूपए लूट लिए। आरोपी उसका मोबाइल फोन भी लूट फरार हो गए। घटना कल शाम की बताई गई है। पीडि़त ने थाना जाकर इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सत्यम नगर कचना निवासी पुन्नूलाल निकिता इंडियन गैस एजेंसीकचना में मुंशी का काम करता है। गुरूवार शाम करीब 5.45 बजे वह गैस गोदाम बंद करने के बाद गैस सिलेंडर बिक्री की रकम 1 लाख 30 हजार रुपए को बाइक की डिक्की में रखकर शंकर नगर स्थित एजेंसी कार्यालय जा रहा था। उसके साथ गोदाम का हमाल कामता धीवर भी बैठा था।
शाम मोदी नगर पिरदा की कच्ची सडक़ पर पिरदा से कचना जाने वाली पक्की सडक़ से करीब 50 मीटर पहले पीछे से एक बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक पहुंचे। दोनों ने पुन्नूलाल और कामता की आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। इस वजह से दोनों बाइक समेत सडक़ परप गिर गए। इसी दौरान आरोपियों ने बाइक की डिक्की में रखे 1 लाख 30 हजार रुपए और पुन्नूलाल का मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से पिरदा की ओर भाग निकले।