रायपुर

बीटीआई ग्राउंड में सिर्फ खेल गतिविधियां, न हो व्यावसायिक उपयोग-पुरंदर मिश्रा
13-Oct-2026 7:23 PM
बीटीआई ग्राउंड में सिर्फ खेल गतिविधियां, न हो व्यावसायिक उपयोग-पुरंदर मिश्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 अक्टूबर। शंकर नगर स्थित बीटीआई मैदान को लेकर रायपुर उत्तर के भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि मैदान का उपयोग केवल खेल गतिविधियों के लिए होना चाहिए। इसे किसी भी तरह की व्यावसायिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। इस संबंध में उन्होंने रायपुर कलेक्टर से भी चर्चा की है।

पुरंदर मिश्रा ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि बीटीआई मैदान खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित है।  यहां खेल के अलावा कोई और आयोजन के लिए अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। मिश्रा ने स्पष्ट किया कि बीटीआई के कर्मचारियों के आवासीय भवनों को हटाकर पुनर्विकास योजना में शामिल करने का मामला अलग है। मैदान  इस योजना के दायरे से अलग है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने शंकर नगर स्थित बीटीआई परिसर में पुनर्विकास योजना के तहत आवासीय और व्यावसायिक निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया है। इस योजना में 200 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का अनुमान है। इसके तहत करीब दो लाख वर्गफीट क्षेत्र में निर्माण के लिए निजी निवेशकों से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए थे।

योजना में संकल्प बिल्डर्स, सारवगी बिल्डर्स, भोपाल की कृपा बिल्डर्स और मोहन पोद्दार एंड बिल्डर्स के तकनीकी प्रस्ताव पात्र पाए गए हैं। वित्तीय प्रस्ताव अगले दो-तीन दिनों में खोले जाने की संभावना है। बेहतर प्रस्ताव देने वाले निवेशक को जमीन हस्तांतरित की जाएगी। गृह निर्माण मंडल को इस योजना से बड़ा आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।

बीटीआई के अलावा राजनांदगांव, दुर्ग सहित अन्य शहरों में भी पांच स्थानों पर पुनर्विकास योजनाओं के लिए बड़े निर्माणकर्ताओं से प्रस्ताव मंगाए गए हैं। मंडल के अफसरों के मुताबिक सभी स्थानों पर निवेशकों ने रुचि दिखाई है और चयनित निर्माणकर्ताओं को इस महीने के अंत तक जमीन हस्तांतरित करने की प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी है।


अन्य पोस्ट