रायपुर

गूगल पर दिए नम्बर से होटल बुक कराने युवती के 90 हजार डूबे
13-Oct-2026 7:15 PM
गूगल पर दिए नम्बर से होटल बुक कराने युवती के 90 हजार डूबे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 अक्टूबर। गोबरानवापारा की एक युवती से पुरी में होटल बुक करने के नाम पर 90 हजार रूपए से अधिक की ठगी हो गई। अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सएप के जरिए होटल बुकिंग का झांसा देकर युवती से छह अलग-अलग किश्तों में कुल 90,249 रुपए ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद न तो होटल बुक हुआ और न ही रकम वापस मिली। पीडिता ने इसकी शिकायत गोबरानवापारा थाना में दर्ज कराई।

सदर रोड नवापारा निवासी तोशिबा सिन्हा ने बताया कि 7 अक्टूबर  को वह जगन्नाथ दर्शन के लिए पुरी जाने ऑनलाइन होटल तलाश रही थीं। इसके लिए उसने गूगल पर होटल सर्च किया। इसी दौरान गूगल पर उन्हें स््यस् क्चद्गड्डष्द्ध ॥शह्लद्गद्य स्श्चड्ड की वेबसाइट दिखाई दी। फिर तोषिबा ने वेबसाइट पर दिए गए व्हाट्सएप नंबर पर संपर्क किया।

व्हाट्सएप पर संपर्क करने वाले व्यक्ति ने दो दिन के कमरे का किराया 14 हजार रुपए बताया। इसके बाद उसने एक क्यूआर कोड भेजा, जिस पर तोषिबा ने 7,000 रुपए का भुगतान कर कमरा बुक कराया। आरोपी ने होटल बुकिंग नंबर भी भेजा। जब युवती ने रसीद मांगी तो उसने बाद में रसीद भेजने की बात कही।

आरोप है कि बाद में व्यक्ति ने फोन कर 7,049 रुपए और जमा करने को कहा। उसने कहा कि पहले भेजी गई रकम वापस कर दी जाएगी। उसकी बातों पर भरोसा कर युवती ने दोबारा उसे पैसे भेज दिए। इसके बाद अलग-अलग क्यूआर कोड भेजकर 14,049 रुपए, फिर 14,049 रुपए, इसके बाद 28,099 रुपए और अंत में 19,999 रुपए जमा करवाए गए। छह अलग-अलग भुगतानों में 90,249 उसके खाते से निकल गए।

ठगी होने के शक में युवती ने सोमवार शाम थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने धोखाधड़ी होने पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। बैंक ट्रांजेक्शन, यूटीआर नंबर, और व्हॉटसअप कॉल के माध्यम से आरोपी की तलाश की रही है।


अन्य पोस्ट