रायपुर

लीवर ट्रांसप्लांट के नाम पर 30 लाख की ठगी
12-Oct-2026 7:51 PM
लीवर ट्रांसप्लांट के नाम पर 30 लाख की ठगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 अक्टूबर। लीवर ट्रांसप्लांट कराने के नाम पर 30 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।  आजाद चौक पुलिस पड़ताल कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, महासमुंद जिले के बसना निवासी फर्नीचर कारोबारी सतीश अग्रवाल के बड़े भाई की तबीयत खराब है और उनके इलाज के लिए लीवर ट्रांसप्लांट की जरूरत थी। इसी दौरान संजय नाम के एक व्यक्ति ने इलाज में मदद कराने का भरोसा दिया। उसने हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में जान-पहचान होने की बात कही और कम खर्च में ट्रांसप्लांट कराने का दावा किया।

आरोप है कि इलाज में लाखों रुपये की बचत होने की बात कहकर सतीश अग्रवाल का भरोसा जीता गया। इसके बाद रकम लेने के लिए अनिल नाम के व्यक्ति को भेजा गया। बताया गया है कि एक अक्टूबर को रायपुर की समता कॉलोनी में एक्सिस जूस के सामने सतीश अग्रवाल से 30 लाख रुपये लिए गए। यह रकम उनके बड़े भाई के इलाज के लिए जुटाई गई थी। आरोप है कि पैसे लेने के बाद संबंधित लोग फरार हो गए और इलाज कराने का वादा पूरा नहीं किया।  पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और रकम लेने वाले लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट