रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 अक्टूबर। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा विभाग राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसई) के तहत परीक्षा आयोजित कर रहा है। कक्षा 8वीं में अध्ययनरत आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थी को चयनित होने पर कक्षा 9वीं से 12वीं तक पढ़ाई के लिए हर माह एक-एक हजार रूपये की छात्रवृत्ति केंद्र सरकार की ओर से दी जाएगी।
छात्रवृत्ति योजना के तहत 12 दिसंबर 26 को परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए फार्म भरने की प्रकिया प्रारंभ हो गई है। विद्यार्थी द्वारा ऑफलाइन फार्म भरने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर एवं केन्द्राध्यक्ष द्वारा आनलाईन एन्ट्री करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर है। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा मंडल ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए है। इस परीक्षा के लिए राज्य शासन द्वारा संचालित शासकीय, शासकीय अनुदान प्राप्त, स्थानीय निकाय के स्कूल में कक्षा 8वीं के वे विद्यार्थी जो पिछली कक्षा कक्षा 7वीं में न्यूनतम 55 प्रतिशत (एससी-एसटी हेतु 5 प्रतिशत छूट) अंक के साथ उत्तीर्ण हुए हों, साथ ही विद्यार्थी के माता पिता अथवा पालक की सभी सोत्रों से वार्षिक आय 3.50 लाख रूपये से अधिक ना हो। केन्द्रीय, नवोदय, निजी एवं आवासीय विद्यालय के विद्यार्थी इस योजना के लिए पात्र नहीं होगें। परीक्षा के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा कक्षा 9वीं से 12वीं तक प्रतिमाह 1 हजार रूपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।