रायपुर
रायपुर, 12 अक्टूबर। नगर निगम जोन-6 कार्यालय में सोमवार को आयोजित जोन स्तरीय सेवा संकल्प शिविर में रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी शामिल हुए। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए तीन हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा स्वीकृति पत्र, दो नागरिकों को आधार कार्ड और छह पात्र नागरिकों को राशन कार्ड प्रदान किए गए। शिविर में जोन के सात वार्डों के रहवासियों ने सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। विधायक सोनी ने जोन अधिकारियों को जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र सरकार और छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने तथा पात्र लोगों को प्राथमिकता से लाभान्वित करने को भी कहा। शिविर में जोन अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, पार्षद प्रमोद कुमार साहू, रवि सोनकर, जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।