रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 अक्टूबर। केवाईसी अपडेट के बाद गैस वितरक एजेंट उपभोक्ताओं से सुरक्षा जांच के नाम पर वसूली कर रहे हैं। जबकि गैस आपूर्ति कंपनियों ने यह जांच नि:शुल्क करने का प्रचार करती हैं।
मिली जानकारी अनुसार भारत गैस कंपनी के दुबे कालोनी स्थित एक वितरक एजेंसी मौर्या एजेंसी के संचालक और कर्मचारी अपने कनेक्शनधारी उपभोक्ताओं से यह मांग कर रहे हैं। वे फोन काल कर गैस कनेक्शन की सुरक्षा जांच करने और उसके बदले 370 रूपए भुगतान करने दबाव बना रहे हैं। इस एजेंसी के कनेक्शनधारियों का कहना है कि यह जांच तो इन काल पर नि:शुल्क देने की अनिवार्यता है। इसका गैस वितरक कंपनियां प्रचार भी करती हैं। इस संबंध में जिला खाद्य अधिकारी भूपेंद्र मिश्रा ने कहा कि दरअसल 5 वर्ष से अधिक पुराने कनेक्शन की सुरक्षा जांच की जाती है लेकिन इसके लिए कोई जांच शुल्क नहीं लिया जाना है । गैस कंपनियां भी निशुल्क जांच के निर्देश देती है।उन्हें पूर्व में भी कुछ लोगों ने ऐसी शिकायत की थी। उन्होंने सोमवार की वर्किंग में जांच करवाने की बात कही है।