रायपुर
एटीएम से पैसा निकालने में मदद करने के बहाने 1.89 लाख पार, ऑनलाइन शपिंग भी
बैंक स्टेटमेंट से हुआ खुलासा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 अक्टूबर। डीडी गनर में एटीएम से पैसा निकालने में मदद करने के बहाने अज्ञात व्यक्ति ने कार्ड बदलकर उसके खाता से रकम निकाल धोखाधड़ी कर दी। इस दौरान आरोपी ने एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर खाते से नकदी निकाली और ऑनलाइन शॉपिंग भी किया। इसकी जानकारी उसे चार दिन बाद हुई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है।
भिलाई के मैत्री विहार निवासी प्रणय पुष्कर राजवाड़े 50, अमेरिका में एक मेडिकल डिवाइस कंपनी में सीनियर आईटी एनालिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। वह अपने परिवार से मिलने समय-समय पर छत्तीसगढ़ आते रहते हैं। 3 अक्टूबर को वह अमेरिका से रायपुर पहुंचने के बाद एयरपोर्ट से ड्राइवर के साथ भिलाई जा रहे थे। इसी दौरान सुबह 8 से 9.30 बजे के बीच रिंग रोड स्थित पीएस सिटी एसबीआई एटीएम में रुपए निकालने पहुंचे।
प्रणय ने एटीएम से 5,000 रुपए निकाले थे। उसी समय एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा। उसने मदद करने की बात कही। इसी दौरान आरोपी ने धोखे से उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और उसकी जगह एसबीआई का दूसरा कार्ड रख दिया। जिसके बाद प्रणय पैसा निकाल वहां से चला गया।
7 अक्टूबर को उसके पिता के एक मित्र के साथ बातचीत के दौरान जब एटीएम कार्ड के बारे में पूछा गया, तब उन्होंने अपना कार्ड देखा और कार्ड बदले जाने का पता चला। इसके बाद वह नेहरू नगर, भिलाई स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा पहुंचे और अपने खाते की जानकारी ली।
बैंक स्टेटमेंट में 3 से 4 अक्टूबर के बीच उनके खाते से एटीएम कार्ड के जरिए 1,89,500 रुपए निकाले गए और ऑनलाइन शॉपिंग भी किया गया। जानकारी मिलने पर उसने रायपुर आकर डीडीनगर थाना जाकर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि मामले में एटीएम कार्ड बदलने, खाते से हुई निकासी और ऑनलाइन खरीदारी से जुड़े तथ्यों की जांच करेगी।