रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 अक्टूबर। रायपुर जिले के विशेष अदालत ने गांजा रखने के मामले में आरोपी रोशन तांडी उर्फ गोलू को पांच वर्ष के सश्रम कारावास और 50 हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड अदा नहीं करने पर आरोपी को छह माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा। यह फैसला जज किरण थवाईत की अदालत ने 8 अक्टूबर को यह फैसला सुनाया।
सरकारी वकील बी एल साहू ने बताया कि घटना सिलतरा चौकी का है। 6 अप्रैल 2021 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि महिंद्रा चौक, फेस-2 सिलतरा के पास एक व्यक्ति गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान रोशन तांडी उर्फ गोलू, निवासी बूढ़ापारा, रायपुर के रूप में हुई।
तलाशी कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से झोले में रखे छह पैकेटों में 9.्700 किलो गांजा मिला।
मामले में पुलिस ने जांच पूरी कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया। विचारण के दौरान आरोपी ने आरोप स्वीकार नहीं किया और मुकदमे का सामना किया।
प्रकरण में अदालत ने गवाहों और साक्ष्यों के आधार पर ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(२)(ब) के तहत दोषसिद्ध ठहराया। अदालत ने उसे पांच वर्ष के सश्रम कारावास और 50 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।