रायपुर
रायपुर, 10 अक्टूबर। प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के बीच मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने प्रदेश के किसी भी हिस्से के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है। बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ ही रायपुर और राजनांदगांव समेत कई शहरों में तापमान बढऩे लगा है।
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। शुक्रवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा सुपौल, रांची, सुंदरगढ़, बरगढ़ और बीजापुर समेत कई स्थानों से होकर गुजर रही है। अगले तीन से चार दिनों के दौरान पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर भारत और उत्तरी प्रायद्वीप के कुछ और हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी असम से तेलंगाना तक फैली द्रोणिका छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों से होकर गुजर रही है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है। हालांकि, इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव के बावजूद फिलहाल छत्तीसगढ़ में व्यापक बारिश की संभावना नहीं है। अगले तीन दिनों तक शुष्क मौसम के बाद कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है।