रायपुर

महामाया मंदिर में दोपहर तक 10,356 मनोकामना ज्योति की राशि जमा
10-Oct-2026 7:53 PM
महामाया मंदिर में दोपहर तक 10,356 मनोकामना ज्योति की राशि जमा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 10 अक्टूबर। पुरानी बस्ती स्थित श्री राजराजेश्वरी महामाया माता मंदिर में शारदीय नवरात्रि के लिए मनोकामना ज्योति प्रज्वलित कराने श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। शनिवार को पितृ विसर्जन के दिन दोपहर तक 10,356 मनोकामना ज्योति की राशि जमा हो चुकी थी। मंदिर में 164 आजीवन ज्योति और सात अन्य ज्योतियों को मिलाकर प्रतिवर्ष 11 हजार से अधिक ज्योतियां प्रज्वलित की जाती हैं। मंदिर व्यवस्थापक पं. विजय कुमार झा ने बताया कि शाम को पितृ विसर्जन के बाद राशि जमा कराने वालों की भीड़ और बढऩे की संभावना है।

मनोकामना ज्योति की अधिकतम संख्या 11 हजार निर्धारित होने के कारण न्यास समिति की आपात बैठक में तय किया गया है कि इससे अधिक ज्योतियों की राशि जमा नहीं की जाएगी। हालांकि, मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को निराश नहीं लौटने दिया जाएगा। पं. झा ने बताया कि यदि मनोकामना ज्योति के लिए राशि जमा नहीं हो पाती है, तो श्रद्धालु पांच लीटर तेल खरीदकर मंदिर में जमा कर सकते हैं और दान की रसीद प्राप्त कर सकते हैं। इस तेल का उपयोग मनोकामना ज्योति में किया जाएगा। इसके अलावा कन्या भोज, ब्राह्मण भोज और भंडारे के लिए भी दान देकर रसीद प्राप्त की जा सकती है।

पं. झा के अनुसार, 11 हजार से अधिक ज्योतियों की व्यवस्था के लिए करीब 150 श्रमिकों की आवश्यकता होती है। मंदिर की ओर से उनके रहने और भोजन सहित सभी व्यवस्थाएं करनी पड़ती हैं। मंदिर में स्थान और व्यवस्था की सीमाओं को देखते हुए पहले से ही अधिकतम 11 हजार मनोकामना ज्योति प्रज्वलित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।


अन्य पोस्ट