रायपुर
11 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे अखंड ज्योति की स्थापना, रात में होगा विशेष पूजन
रायपुर, 10 अक्टूबर। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर राजधानी के बोरियाकला स्थित श्री जगद्गुरु शंकराचार्य आश्रम में भगवती राजराजेश्वरी महात्रिपुर सुंदरी ललिता प्रेमाम्बा महारानी की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। आश्रम में इसकी तैयारियां चल रही हैं। 11 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे अखंड ज्योति की स्थापना होगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आचार्य धर्मेंद्र महाराज ने बताया कि आश्रम में भगवती राजराजेश्वरी का स्फटिक मणिमय विग्रह स्थापित है। देवी को श्रीविद्या की अधिष्ठात्री माना जाता है। ब्रह्मलीन पीठद्वयाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के प्रयासों से राजधानी में श्रीविद्या साधना का यह केंद्र स्थापित हुआ। आश्रम प्रभारी यतिप्रवर दंडी स्वामी डॉ. इन्दुभवानन्द तीर्थ महाराज के सानिध्य में नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन रात्रिकालीन विशेष पूजन होगा। प्रतिदिन श्री यंत्र का नवावरण पूजन किया जाएगा। सुबह 10.30 बजे शृंगार आरती, रात 8.10 बजे प्रथम आरती और रात 11.15 बजे महाआरती होगी।
आचार्य धर्मेंद्र महाराज ने बताया कि मान्यता के अनुसार भगवती राजराजेश्वरी की साधना से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। देवी को भोग और मोक्ष प्रदान करने वाली माना जाता है। नवरात्रि में सहस्रनाम पाठ, विभिन्न द्रव्यों से अर्चन, हवन और मंत्र जाप के माध्यम से विशेष साधना की जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, नवरात्रि में की जाने वाली यह साधना विशेष फलदायी होती है।