रायपुर

शासकीय हेलीकॉप्टर का बीमा दावा अटकाया ओरिएंटल इंश्योरेंस तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट
07-Oct-2026 7:06 PM
शासकीय हेलीकॉप्टर का बीमा दावा अटकाया ओरिएंटल इंश्योरेंस तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट

चार साल से अधिक समय तक दावा लंबित रखने के बाद अगस्त में किया था खारिज

ऐसे हुई थी दुर्घटना, जमीन से हवा में उठते ही नीचे गिर गया था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 7 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ शासन ने शासकीय हेलीकॉप्टर के बीमा दावे के निराकरण में चार साल से अधिक समय तक हुई देरी के मामले में द ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को तीन वर्ष के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया है। विमानन संचालनालय ने निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए यह कार्रवाई की है।

मामला मई 2022 में रायपुर एयरपोर्ट पर दुर्घटनाग्रस्त हुए राज्य शासन के हेलीकॉप्टर से जुड़ा है। हेलीकॉप्टर का बीमा ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी से कराया गया था और बीमा प्रीमियम का पूरा भुगतान किया गया था। दुर्घटना के बाद राज्य शासन ने बीमा दावा प्रस्तुत किया, लेकिन कंपनी ने इसे चार साल से अधिक समय तक लंबित रखने के बाद अगस्त 2026 में खारिज कर दिया।

प्रकरण की जांच में विमानन संचालनालय ने पाया कि सार्वजनिक संपत्ति से जुड़े बीमा दावे के निराकरण में अत्यधिक देरी हुई। शासन ने इसे सार्वजनिक धन और शासकीय हित से जुड़ा विषय मानते हुए कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार शासकीय हेलीकॉप्टर सार्वजनिक संपत्ति है और उसके बीमा में जनता का पैसा लगा है। ऐसे में बीमा दावे को वर्षों तक लंबित रखने से सार्वजनिक संसाधनों पर आर्थिक प्रभाव पड़ता है।

कार्रवाई से पहले कंपनी को मिला पूरा अवसर

ब्लैकलिस्ट करने से पहले कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। कंपनी ने लिखित जवाब प्रस्तुत किया और उसे व्यक्तिगत सुनवाई का अवसर भी दिया गया। कंपनी का पक्ष सुनने और उपलब्ध दस्तावेजों का परीक्षण करने के बाद विमानन संचालनालय ने कारणों सहित आदेश जारी करते हुए तीन वर्ष के लिए ब्लैकलिस्ट करने का निर्णय लिया।

शासन ने स्पष्ट किया कि उसके साथ काम करने वाली सेवा प्रदाता संस्थाओं को अपनी संविदात्मक जिम्मेदारियों का समयबद्ध तरीके से पालन करना होगा। सार्वजनिक दावों के निपटारे में अनावश्यक देरी को सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया के रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

बीमा राशि की वसूली के लिए कार्रवाई जारी रहेगी

कंपनी को ब्लैकलिस्ट किए जाने के बावजूद बीमा दावे का मामला समाप्त नहीं हुआ है। राज्य शासन अपने दावे की राशि प्राप्त करने के लिए आवश्यक कार्रवाई आगे भी जारी रखेगा। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक धन की सुरक्षा शासन की जिम्मेदारी है और राज्य को देय राशि की वसूली के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

 माना  एयरपोर्ट पर 12 मई 22 की रात 9.10 मिनट पर टेस्ट फ्लाइट के दौरान छत्तीसगढ़ शासन का अगस्ता हेलीकाप्टर लैंडिंग करते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में दो पायलटों की मौत हो गई। माना एयरपोर्ट अथारिटी ने हेलीकाप्टर के ब्लैक बाक्स को कब्जे में ले लिया है। हादसे के वजहों की एयरपोर्ट अथॉरिटी और डीजीसीए की मुकम्मल जांच के बाद भी अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।

ंअब तक मिली जानकारी के अनुसार उड़ान के दौरान अचानक खराबी आ जाने से हेलीकाप्टर अनियंत्रित हो गया और पायलट को उसे संभालने का मौका नहीं मिल पाया। दुर्घटना के बाद हेलीकाप्टर में दोनों पायलट फंस गए थे, जिन्हें बाहर निकालने के लिए जवानों को काफी मशक्?कत करनी पड़ी।

उस वक्त बताया गया था  कि पायलट एपी श्रीवास्तव दिल्ली से प्रशिक्षण देने के लिए रायपुर आए थे। वे पायलट गोपालकृष्ण पंडा को हेलीकाप्टर चलाने का प्रशिक्षण दे रहे थे। हेलीकाप्टर में अचानक खराबी आने के कारण यह हादसा हुआ था।


अन्य पोस्ट