रायपुर

अशासकीय कॉलेजों के सेवानिवृत्त शिक्षकों कर्मचारियों की पेंशन बहाली के लिए सांसद अग्रवाल का सीएम को पत्र
06-Oct-2026 7:59 PM
अशासकीय कॉलेजों के सेवानिवृत्त शिक्षकों कर्मचारियों की पेंशन बहाली के लिए सांसद अग्रवाल का सीएम को पत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 अक्टूबर। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के अनुदान प्राप्त अशासकीय महाविद्यालयों के सेवानिवृत्त प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों के हित में मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय को पत्र लिखा है। उन्होंने उच्च शिक्षा विभाग द्वारा विगत चार दशकों से चली आ रही पेंशन व ग्रेज्युटी व्यवस्था को अचानक निरस्त किए जाने के निर्णय पर चिंता व्यक्त करते हुए इस आदेश को वापस लेने और पेंशन सुविधा यथावत बहाल रखने का आग्रह किया है।

सांसद श्री अग्रवाल ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराते हुए बताया कि प्रदेश के अशासकीय अनुदान प्राप्त महाविद्यालयों में वर्षों तक सेवाएं देने वाले प्राध्यापकों एवं कर्मियों को शासन द्वारा लगभग 40 वर्षों से पेंशन एवं सेवानिवृत्ति लाभ दिए जा रहे थे। विभागीय आदेश (क्रमांक 38-2, 12.10.2010) के तहत पांचवें वेतनमान के आधार पर यह लाभ नियमित रूप से मिल रहा था।

किंतु हाल ही में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी नए आदेश (क्रमांक 18649/2026/38-2,  01.09.2026) के तहत इस व्यवस्था को अचानक प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है, जिससे सेवानिवृत्त कर्मियों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

सांसद  अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से अनुरोध किया है कि वे इस संवेदनशील विषय पर मानवीय व जनहितैषी दृष्टिकोण अपनाते हुए उच्च शिक्षा विभाग के विवादित आदेश को तत्काल निरस्त करने अथवा उस पर रोक लगाने के निर्देश दें।


अन्य पोस्ट