रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 अक्टूबर। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और वोट चोरी के मुद्दे पर आंदोलन को तेज करते हुए 10 अक्टूबर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। इसके तहत 10 से 20 अक्टूबर तक देशभर में ब्लॉक स्तर पर बाइक रैली, साइकिल रैली और पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी। इसके बाद 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक एसआईआर में हटाए गए मतदाताओं की पहचान कर उनके बीच गांवों में चौपाल लगाई जाएंगी और लोगों को वोट चोरी को लेकर जागरूक करेगी
इस अभियान की रणनीति को लेकर सोमवार को दिल्ली में प्रदेश अध्यक्षों की बैठक में पीसीसी चीफ दीपक बैज भी शामिल हुए। इस बैठक के हवाले से पीसीसी ने एक विज्ञप्ति में बताया कि आठ अक्टूबर तक इंडिया गठबंधन के सभी दलों द्वारा जिला स्तर पर सामूहिक प्रदर्शन और लोकतंत्र बचाओ मार्च होने के बाद कांग्रेस पार्टी 10 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक देशभर में ब्लॉक स्तर पर अभियान चलाएगी। इस दौरान बाइक रैली, साइकिल रैली और पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता वोट चोरी से संबंधित पर्चे भी वितरित करेंगे।
इसके बाद 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक एक महीने का व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इस एक महीने के दौरान वोट रक्षक के रूप में कांग्रेस कार्यकर्ता मतदाता सूची से हटाए गए लगभग साढ़े 13 करोड़ मतदाताओं के घर-घर जाकर उनकी पहचान करेंगे और गांवों में उनके साथ चौपाल लगाएंगे। एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की एक विशाल रैली आयोजित की जाएगी। वहीं, संविधान दिवस के अवसर पर 25 और 26 नवंबर को अलग-अलग राज्यों के छह स्थानों से हजारों वाहनों का काफिला ‘चलो दिल्ली’ कार्यक्रम के तहत दिल्ली आकर प्रदर्शन करेगा।
रायपुर में भी बैठक: दिल्ली की तरह ही इंडिया गठबंधन के दलों की स्थानीय ईकाई के नेताओं की आज दोपहर पंडरी स्थित कॉफ़ी हाउस में बैठक हुई। इसमे कांग्रेस ,सीपीआई , सीपीआईएम, सीपीआईएमएल, समाजवादी पार्टी सहित सिविल सोसाइटी के प्रमुख सदस्य शामिल हुए। यह निर्णय लिया गया है आगामी चुनाव बैलेट पेपर से कराने, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सभी दल धरना प्रदर्शन आंदोलन करेंगे।