रायपुर
प्रदेश पदाधिकारियों की पहली बैठक ली
जम्वाल, साय को विदाई, कर्मवीर का स्वागत, किरणदेव घर से वर्चुवली जुड़े थे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 अक्टूबर। प्रदेश भाजपा के नए संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह की उपस्थिति में रविवार को ठाकरे परिसर में पदाधिकारियों, जिला अध्यक्ष महामंत्रियों की पहली बैठक हुई। इसमें सेवा संकल्प अभियान के तहत अब तक संपन्न हुए कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों का मार्गदर्शन दिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने बैठक को घर से वर्चुवल संबोधित करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री के सेवा ही संगठन के मंत्र को जन-जन तक पहुँचाने का माध्यम है।आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में प्रदेश में कीर्तिमान स्थापित किया गया।
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि संगठन के कार्यों के माध्यम से ही हमें जनता तक पहुँचना है। 2028 के चुनाव की तैयारी को लेकर कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि सेवा, समर्पण और संगठन के बल पर हमें जन-जन तक पहुँचकर पार्टी को और अधिक मजबूत बनाना है।
महाराष्ट्र के प्रदेश संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से भाजपा समाज में मंथन का कार्य कर रही है। इस अभियान के जरिए लाखों परिवारों, युवाओं, महिलाओं एवं सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से भाजपा कार्यकर्ता सतत संपर्क कर रहे हैं।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कंडेय ने किया। बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी सहित कोर कमेटी के सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी, प्रवक्ता, जिला प्रभारी, सहित मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी मौजूद रहे।