रायपुर

हिमालय हाइट्स के 5 फ्लैट्स में कारोबारी ने खोला आफिस, रहवासियों की शिकायत
04-Oct-2026 7:55 PM
हिमालय हाइट्स के 5 फ्लैट्स में कारोबारी ने खोला आफिस, रहवासियों की शिकायत

कारोबारी का कहना-अध्यक्ष ने दी अनुमति, रोक कर दिखाओ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 4 अक्टूबर। गृह निर्माण मंडल की आवासीय कॉलोनी में एक कारोबारी के आफिस खोले जाने को लेकर सोसायटी में बवाल मचा हुआ है। कालोनीवासियों ने मंडल  आयुक्त को शिकायत की है।

डुमरतराई के हिमालय हाइट्स फेज़ 2 के 5 फ्लैट में यह आफिस खोला गया है। क्वाटर नंबर 1007-12  कारोबारी के कब्जे में है। यह कोयला कारोबारी बताया गया है। इन फ्लेट्स को आफिस का रूप देने आवासों में बड़े पैमाने पर तोड़ फोड़ की गई ।

 रहवासियों ने इसे हाउसिंग सोसायटी के नियमों के विपरीत बताया है। उनका कहना है कि हाउसिंग सोसायटी के आवासों में  न आफिस खोला नहीं जा सकता है, न ही व्यावसायिक उपयोग किया जा सकता है। ये क्वार्टर किराए पर भी नहीं दिए गए हैं। मंडल के उच्च पदाधिकारी के अधिकारियों को मौखिक निर्देश पर कारोबारी ने आफिस खोला है।

रहवासी बीते जनवरी से इसे लेकर गृह निर्माण मंडल में शिकायत कर रहे हैं। आयुक्त  को की गई शिकायत में बताया था कि कार्यपालन अभियंता से बार-बार लिखित और मौखिक अनुरोध के बाद भी आवासीय कालोनी हिमालयन हाईट्स फेज टू में फ्लैट संख्या 1007 से 1012 तक कार्यालय निर्माण होता रहा है। फ्लैटों के दरवाजे बंद कर दिए गए हैं और सभी को एक साथ जोड़ दिया गया है।

आवासीय कालोनी में इस तरह निर्माण को वैध नहीं माना जा सकता और रहवासियों को यह स्वीकार्य नहीं हैं। हम मध्यम आय वर्ग के लोग हैं और कालोनी में हो रही गड़बड़ी को रोक पाने में असमर्थ हैं। उक्त फ्लैट धारक कारोबारी का दावा है कि सीजीएचबी के शीर्ष अधिकारियों से संबंध है। वह धमकाते हैं कि रोक कर दिखाओ, हमें तो सीजीएचबी के अध्यक्ष अनुराग सिंह ने कार्यालय खोलने की अनुमति दी है।  रहवासियों को भय है कि आर्थिक हित प्रभावित होने पर उक्त लोग रहवासियों को जान माल का  नुकसान भी पहुंचा सकते हैं। निवेदन है कि स्वयं भौतिक निरीक्षण कर वास्तिवकता से अवगत हो। इस आवेदन को गंभीरता से लिया जाए ताकि हम मध्यमवर्गीय परिवारों को भविष्य में और अधिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। समुचित कार्रवाई की जाए।

आयुक्त से पहले कार्यपालन अभियंता को की गई शिकायत में बताया था कि  पहले भी मौखिक रूप से संज्ञान में लाया जा चुका है कि एमआइजी फ्लैट संख्या 1008 से 1010 तक बीच की दीवारें तोड़ दी गई हैं। मूल संरचना में बदलाव कर दिया गया है। यह हाउसिंग बोर्ड की स्थापना के सिद्धांत और नियम के विरुद्ध है।सीजीएचबी द्वारा टीएनसी से फ्लैटों का नक्शा पास कराया गया है और उसके अनुसार कई ही इकाइयां बेची गई हैं। उसमें बदलाव अनुमति नहीं होती। उक्त व्यक्ति द्वारा बताया जा रहा है कि 1008 से 1011 तक के फ्लैट उनके ही हैं। तोडफ़ोड़ और मलबे से सोसायटी के पूरे रहवासी परेशान हैं। लिफ्ट का भी दुरुपयोग हो रहा है। बी ब्लाक की सीढिय़ां भी टूट रही हैं जिससे उनका उपयोग करना मुश्किल है। चारों तरफ धूल, गंदगी और मलबा फैल रहा है।

अगर सीजीएचबी द्वारा फ्लैट संख्या 1008 से 1010 में बदलाव के लिए दिए गए अनुमति पत्र दिए गए हैं तो उसकी सत्य प्रमाणित प्रतिलिपि उपलब्ध कराने का कष्ट करें। ऐसा नहीं होने पर की गई कार्रवाई से अवगत कराएं। मंडल में हुई शिकायत के बाद आयुक्त ने अपनी टीम भेजने की बात कही थी। जो अब तक नहीं पहुंची।


अन्य पोस्ट