रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 अक्टूबर। देश भर के डाकघरों में स्पीड पोस्ट अब बिना वैध मोबाइल नंबर के कोई भी स्पीड पोस्ट या रजिस्ट्री बुक नहीं होंगे । नियम के तहत अब भेजने वाले और पाने वाले शख्स का भी मोबाइल नंबर दर्ज कराना होगा।
डाकघर द्वारा जारी किए गए नए आदेश के मुताबिक, यदि बुकिंग के समय दोनों के मोबाइल नंबर नहीं दिया जाता है, तो पोस्ट ऑफिस का सॉफ्टवेयर उस बुकिंग को स्वीकार नहीं करेगा। यहां तक कि ग्राहक किसी भी तरह का फर्जी नंबर नहीं डाल सकेंगे, क्योंकि विभाग इसके लिए सख्त वेरिफिकेशन सिस्टम पर काम कर रहा है।
विभाग द्वारा बताया गया है कि लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई लोग स्पीड पोस्ट या रजिस्ट्री भेजते समय गलत या अधूरा पता लिख देते हैं और मोबाइल नंबर भी नहीं डालते। एड्रेस सही न होने और मोबाइल नंबर न होने की वजह से पोस्टमैन संबंधित व्यक्ति से संपर्क नहीं कर पाता था, जिससे पार्सल या जरूरी दस्तावेज बीच में ही लटके रहते थे। वहीं कई मामलों में असामाजिक तत्वों द्वारा फर्जी नाम-पते का उपयोग कर स्पीड पोस्ट के जरिए धोखाधड़ी या अवैध सामग्रियां भेजने के मामले भी सामने आए थे। मोबाइल नंबर अनिवार्य होने से ऐसे मामलों पर रोक लगेगी और भेजने वाले की पहचान आसान होगी।
पोस्ट ऑफिस के इस नियम से लोगों को फायदा होने वाला है, क्योंकि पोस्ट भेजने वाले और पाने वाले दोनों के मोबाइल पर एसएमएस (स्रूस्) के जरिए ट्रैकिंग आईडी मिल जाएगी? पोस्ट आपके शहर में पहुंचा या नहीं पता चलेगा। साथ ही पोस्टमैन पोस्ट पहुंचाने से पहले आपसे मोबाइल पर संपर्क कर सकेगा। अगर बीच में किसी तरह की दिक्कत आएगी तो तुरंत इसके बारे में सूचना मिल सकेगी।