रायपुर

पांच साल पहले ऑटो स्टैंड के पास गांजा बेचते पकड़ा गया था, अब जेल
03-Oct-2026 8:22 PM
पांच साल पहले ऑटो स्टैंड के पास गांजा बेचते पकड़ा गया था, अब जेल

रायपुर, 3 अक्टूबर। एनडीपीएस अदालत ने गांजा तस्करी के मामले में कोतवाली में दर्ज एक प्रकरण की सुनवाई के दौरान आरोपी को जेल दिया है। स्पेशल जज श्रीमती किरण थवाईत की अदालत में आरोपी मोहम्मद लतीफ 30, निवासी अश्वनी नगर को दोषी ठहराते हुए 3 साल सश्रम कारावास और 30 हजार रुपए जुर्माना लगाया है। जुर्माना नहीं देने पर आरोपी को अतिरिक्त 6 माह का सश्रम कारावास भुगतना होगा।

सरकारी वकील भुवनलाल साहू ने बताया कि 5 मार्च 2021 को सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कालीबाड़ी ऑटो स्टैंड के पास एक व्यक्ति प्लास्टिक के झोले में गांजा लेकर खड़ा है, और उसे बेचने के फिराक में ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मुखबिर के बताए गए हुलिए के व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान मोहम्मद लतीफ के रूप में हुई।

पुलिस ने उसके कब्जे 1.6 किलो गांजा बरामद किया।

मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 20(बी)(2)(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पत्र न्यायालय में पेश किया था। विचारण के दौरान आरोपी ने खुद को निर्दोष बताते हुए झूठा फंसाए जाने का दावा किया, जबकि बचाव पक्ष की ओर से कोई साक्षी प्रस्तुत नहीं किया गया।

प्रकरण में अभियोजन के प्रस्तुत साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर अदालत ने आरोपी मोहम्मद लतीफ को धारा 20(बी)(2)(बी) में दोषी होना पाया। उसे 3 वर्ष के सश्रम कारावास तथा 30 हजार रुपए अर्थदंड से दंडित किया।


अन्य पोस्ट