रायपुर

ट्रैफिक सिपाहियों की सतर्कता से गुमा बैग पाकर रविशंकर ने ली राहत की सांस
03-Oct-2026 8:17 PM
ट्रैफिक सिपाहियों की सतर्कता से गुमा बैग पाकर रविशंकर ने ली राहत की सांस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 अक्टूबर। यातायात पुलिस कर्मियों की सतर्कता से  रेलवे स्टेशन परिसर से गुम हुआ बैग उसके असली मालिक को सुरक्षित सौंप दिया है।

शनिवार रात स्टेशन के गेट नंबर-02 के समीप ड्यूटी पर तैनात आरक्षक कृत साहू एवं धनेश्वर निर्मलकर को सडक़ किनारे एक लावारिस बैग पड़ा मिला। जवानों द्वारा बैग की जांच करने पर उसमें आवश्यक मूल दस्तावेज, चेक एवं अन्य जरूरी सामग्री थी।

बैग के अंदर मिले चेक पर एक मोबाइल नंबर दर्ज था, जिस पर संपर्क करने पर ज्ञात हुआ कि यह बैग मूल रूप से बिहार निवासी  रविशंकर का है। उन्होंने बताया कि रेलवे आरक्षण केंद्र से उनका यह बैग गुम हो गया था, जिसकी सूचना  जीआरपी थाने में दर्ज कराई थी। यातायात पुलिस द्वारा दस्तावेजों एवं पहचान की विधिवत तस्दीक करने के उपरांत बैग, समस्त मूल दस्तावेज व चेक सकुशल  रविशंकर को सुपुर्द कर दिए गए। अपना खोया हुआ कीमती सामान वापस पाकर दोनों  सिपाहियों  का आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट